
सीएसबी बैंक का शेयर बीते एक महीने में 21 फीसदी से ज्यादा गिरा है। इस गिरावट ने चौंकाया है, क्योंकि बैंक के लोन बुक में गोल्ड लोन की करीब 50 फीसदी हिस्सेदारी है। गोल्ड की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद थोड़ी गिरी हैं। फिर सीएसबी बैंक के शेयरों में गिरावट की क्या वजह है?
CSB Bank की अर्निंग्स ग्रोथ दिसंबर तिमाही में बहुत अच्छी नहीं रही। यह शेयर की कीमतों में गिरावट की वजह हो सकती है। हालांकि, बिजनेस ग्रोथ स्ट्रॉन्ग है और मार्जिन में थोड़ा इम्प्रूवमेंट आया। लेकिन, एसेट क्वालिटी में गिरावट और क्रेडिट कॉस्ट बढ़ने की वजह से दिसंबर तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट फ्लैट रहा।
सीएसबी बैंक को उसके गोल्ड लोन पोर्टफोलियो का फायदा मिलता है। इसकी वजह यह है कि गोल्ड लोन में यील्ड अपेक्षाकृत ज्यादा है, क्रेडिट कॉस्ट कम है और रिस्क वेटेज भी ज्यादा नहीं है। सीएसबी बैंक ने शॉर्ट से मीडियम टर्म में अपनी लोन बुक में गोल्ड लोन की हिस्सेदारी 50 फीसदी बनाए रखने का प्लान बनाया है। इसका मतलब है कि गोल्ड लोन से जुड़े फायदे बैंक को मिलते रहेंगे।
दिसंबर तिमाही में सीएसबी बैंक का नेट एडवान्सेज साल दर साल आधार पर 28 फीसदी बढ़ा। यह इस अवधि में इंडस्ट्री की करीब 14 फीसदी ग्रोथ से काफी ज्यादा है। एडवान्सेज में अच्छी ग्रोथ में साल दर साल आधार पर गोल्ड लोन में 46 फीसदी ग्रोथ का बड़ा हाथ है। डिपॉजिट ग्रोथ साल दर साल आधार पर 21 फीसदी रही। यह इंडस्ट्री की करीब 13 फीसदी ग्रोथ से काफी ज्यादा है। इसके बावजूद तीसरी तिमाही में बैंक का क्रेडिट-टू-डिपॉजिट रेशियो 92 फीसदी पर पहुंच गया।
बैंक ने मैनेजमेंट ने बताया है कि मार्जिन 3.7 से 3.9 फीसदी के बीच रहने की संभावना है, जो 4 फीसदी के पहले के गाइडेंस से कम है। गोल्ड लोन पर यील्ड 11-11.5 फीसदी है। डिपॉजिट के मामले में बढ़ती प्रतिस्पर्धा की वजह से कॉस्ट ऑफ फंड में ज्याद कमी आने की उम्मीद नहीं है। दिसंबर तिमाही में बैंक का ग्रॉस और नेट एनपीए बढ़ा। स्लिपेज मुख्य रूप से एसएमई सेगमेंट में देखने को मिली। मैनेजमेंट का कहना है कि ग्रॉस और नेट एनपीएस में अगली तिमाही में इम्प्रूवमेंट दिख सकता है।
CSB Bank ने RoA के लिए 1.5 फीसदी और RoE के लिए 15 फीसदी गाइडेंस दिया था, जिसके FY27 में हासिल हो जाने की उम्मीद है। इसमें क्रेडिट कॉस्ट में तेज गिरावट का हाथ होगा। शेयरों की कीमतो में गिरावट के बाद शेयर में FY27 की अनुमानित बुक वैल्यू के 1.3 गुना पर ट्रेडिंग हो रही है। रिटर्न रेशियो को देखते हुए वैल्यूएशन अट्रैक्टिव लगती है। सीएसबी बैंक की गोल्ड लोन बुक बड़ी गोल्ड फाइनेंसिंग एनबीएफसी के मुकाबले काफी छोटा है। इसका मतलब है कि बैंक की ग्रोथ के लिए काफी संभावनाएं हैं।
लंबी अवधि के निवेशक इस स्टॉक में निवेश कर सकते हैं। फेयरफैक्स सीएसबी बैंक की प्रमोटर है। यह आईडीबीआई बैंक को खरीदने की संभावित बिडर है। आईडीबीआई बैंक में इसके विलय की संभावना से सीएसबी बैंक के शेयरों में उतार-चढ़ाव दिख सकता है। 20 फरवरी को यह शेयर 3 फीसदी गिरकर 385.65 रुपये पर बंद हुआ।