
Coal India Share Price: कोयला निकालने वाली दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी कंपनी कोल इंडिया के शेयरों में आज जोरदार तेजी आई। इसकी वजह ये है कि कोल इंडिया ने बांग्लादेश, भूटान और नेपाल से भी खरीदारों को ई-नीलामी में प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा लेने की मंजूरी दी है। इस मंजूरी पर कोल इंडिया के शेयर रॉकेट बन गए। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 6.88% की बढ़त के साथ ₹427.90 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 7.32% उछलकर ₹429.65 तक पहुंच गया था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
Coal India के फैसले से पहले और अब में क्या हुआ बदलाव?
कोल इंडिया ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि पड़ोसी देशों- बांग्लादेश, भूटान और नेपाल से जो खरीदार भारत से कोयला से मंगाना चाहते हैं, वह अब कोल इंडिया के सिंगल विंडो मोड एग्नॉस्टिक (SWMA) ऑक्शंस में सीधे हिस्सा ले सकते हैं। कंपनी का कहना है कि इसे लेकर बोर्ड ने हाल ही में इससे जुड़े जरूरी बदलावों को पहले ही मंजूरी दी थी। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि कोयले की ई-नीलामी को विदेशी खरीदारों के लिए खोलने से पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा और वैश्विक मार्केट इंटीग्रेशन को बढ़ावा मिलेगा।
नया फ्रेमवर्क 1 जनवरी 2026 से लागू है। इस नए फ्रेमवर्क के तहत विदेशी खरीदार अब कोल इंडिया के कोयले की ऑनलाइन नीलामी में घरेलू खरीदारों के साथ हिस्सा ले सकेंगे। पहले विदेशी खरीदारों को उन घरेलू कोयला कारोबारियों के जरिए कोयला मिल पाता था, जिन्हें इसके इस्तेमाल को लेकर किसी प्रतिबंध के बिना ही कोयले को खरीदने-बेचने की मंजूरी थी।
ई-नीलामी में हिस्सा लेने के लिए विदेशी खरीदारों को एक बार रजिस्ट्रेशन कराना होगा और वे ऑनलाइन बोली लगा सकेंगे। पेमेंट की बात करें तो FEMA (फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट) रूल्स के तहत पारदर्शी तरीके से होगी। नेपाल के खरीदार डॉलर और भारतीय रुपये में पेमेंट कर सकेंगे जबकि बांग्लादेश और भूटान के खरीदारों को अमेरिकी डॉलर में पेमेंट करना होगा।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
कोल इंडिया के शेयर पिछले साल 17 फरवरी 2025 को ₹349.20 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह 11 ही महीने में 21.74% उछलकर आज 2 जनवरी 2026 को ₹425.10 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। अब आगे की बात करें तो इंडमनी पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसे कवर करने वाले 23 एनालिस्ट्स में से 11 ने इसे खरीदारी, 7 ने होल्ड और 5 ने सेल रेटिंग दी है। इसका हाइएस्ट टारगेट प्राइस ₹450 और लोएस्ट टारगेट प्राइस ₹290 है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।