
Cohance Lifesciences Shares: कोहेन्स लाइफसाइंसेज के शेयरों में बुधवार को एक बड़ी ब्लॉक डील देखने को मिली। इस ब्लॉक डील के बाद कंपनी के शेयर 10 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गए। ब्लॉक डील में कोहेन्स लाइफसाइंसेज के करीब 70 लाख शेयरों का लेनदेन हुआ। यह कंपनी की कुल इक्विटी के लगभग 1.82 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। इस सौदे की कुल वैल्यू करीब 216.3 करोड़ रुपये रही। हालांकि इस सौदे में शेयर बेचने और खरीदने वालों का नाम तुरंत सामने नहीं आया था।
शेयर में तेज उछाल
ब्लॉक डील की खबर के बाद कोहेन्स लाइफसाइंसेज के शेयर 341 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गए। सुबह 10:55 बजे के करीब, यह शेयर 9.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ 338.7 रुपये पर कारोबार कर रहा था। हालांकि पिछले एक महीने में यह शेयर करीब 19 प्रतिशत टूट चुका है। वहीं बीते छह महीनों में इसमें 63 प्रतिशत की गिरावट आई है।
दिसंबर तिमाही के अंत तक कंपनी में प्रमोटर बरह्यांडा लिमिटेड की हिस्सेदारी 57.49 प्रतिशत थी। वहीं दूसरे प्रमोटर जूसमिरल होल्डिंग्स लिमिटेड के पास 33.34 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। म्यूचुअल फंड्स के पास कंपनी में 17.36 प्रतिशत और बीमा कंपनियों के पास 3.94 प्रतिशत हिस्सेदारी दर्ज की गई थी।
तिमाही नतीजे कमजोर
कंपनी के हालिया तिमाही नतीजे कमजोर रहे हैं। मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 76 प्रतिशत गिरकर 36.7 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की इसी तिमाही में यह 153 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी का रेवेन्यू भी 19.5 प्रतिशत घटकर 544.5 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 676.2 करोड़ रुपये था।
EBITDA यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट 60 प्रतिशत घटकर 95.2 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले यह 237 करोड़ रुपये था। कंपनी का मार्जिन भी तेजी से घटा है। यह 35 प्रतिशत से गिरकर 17.5 प्रतिशत पर आ गया।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।