
Capital Market Stocks: दिग्गज ब्रोकरेज फर्म एंजेल वन (Angel One) के शेयरों ने इस हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन तगड़ा धमाल मचाया। 8% से अधिक के उछाल के साथ यह निफ्टी 500 इंडेक्स का टॉप गेनर बन गया। सिर्फ एंजेल वन ही नहीं बल्कि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी(ICICI Prudential AMC), एचजीएफसी एएमसी (HDFC AMC) और 360 वन डब्ल्यूएएम (360 ONE WAM) के शेयरों की भी चमक आज काफी बढ़ी है। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी ये काफी मजबूत स्थिति में है।
फिलहाल एंजेल वन के शेयर 7.81% की बढ़त के साथ ₹2722.55 पर हैं जबकि इंट्रा-डे में यह 8.18% उछलकर ₹2731.90 तक पहुंच गया था। वहीं 360 ONE WAM के शेयर अभी 5.12% की बढ़त के साथ ₹1211.00, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी 8.19% के उछाल के साथ ₹2959.70 और एचडीएफसी एएमसी भी 3.55% की बढ़त के साथ ₹2645.40 पर है। इंट्रा-डे में 360 ONE WAM का शेयर 7.26% उछलकर ₹1235.65, ICICI प्रू एएमसी 8.64% की बढ़त के साथ ₹2971.95, एचडीएफसी एएमसी भी 5.53% के उछाल के साथ ₹2695.75 पर पहुंच गया था।
दिसंबर 2025 तिमाही में एंजेल वन का रेवेन्यू तिमाही आधार पर 11% बढ़ गया। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट भी 27% उछलकर ₹269 करोड़ पर पहुंच गया। कंपनी का क्लाइंट फंडिंग बुक भी 11% बढ़कर ₹5,900 करोड़ पर पहुंच गया तो एवरेज डेली ट्रांजैक्शंस भी 10.6% बढ़ गया। कंपनी ने इक्विटी और एफएंडओ सेगमेंट में मार्केट शेयर को भी बनाए रखा है। नतीजे के साथ-साथ कंपनी के बोर्ड ने हर शेयर पर ₹23 के अंतरिम डिविडेंड और ₹10 की फेस वैल्यू वाले एक शेयर को ₹1 की फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में तोड़ने की मंजूरी दी है।
दिसंबर 2025 तिमाही में 360 वन डब्ल्यूएएम का टोटल AUM (एसेट्स अंडर मैनेजमेंट) 5.9% उछलकर ₹7.11 लाख करोड़ पर पहुंच गया। वहीं कंपनी का रिकरिंग रेवेन्यू तिमाही आधार पर ₹619 करोड़ से 12% बढ़ गया। इस दौरान कंपनी का एनुअल रिकरिंग रेवेन्यू 6 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ा। कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन बढ़कर 50.5% पर पहुंच जबकि अदर इनकम में गिरावट के चलते ईबीआईटी मार्जिन को झटका लगा।
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी ने लिस्टिंग के बाद से पहली बार तिमाही कारोबारी नतीजे जारी किए थे। दिसंबर 2025 तिमाही में इसका तिमाही औसतन एयूएम तिमाही आधार पर 6.1% की रफ्तार से बढ़ा जोकि इंडस्ट्री की 5% की ग्रोथ से अधिक ही रहा। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 7% उछलकर ₹1,515 करोड़ और ऑपरेटिंग प्रॉफिट भी 9% बढ़कर ₹1,140 करोड़ पर पहुंच गया। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन भी 150 बेसिस प्वाइंट्स चढ़ गया। कंपनी का इक्विटी तिमाही एवरेज एयूएम तिमाही आधार पर 7.3% उछलकर ₹6.08 लाख करोड़ पर पहुंच गया और इक्विटी मार्केट शेयर भी बढ़कर 13.8% पर पहुंच गया।
एचडीएफसी एएमसी ने बुधवार को इक्विटी मार्केट के कारोबार के दौरान दिसंबर 2025 तिमाही के कारोबारी नतीजे जारी किए थे। इसके चलते बुधवार को इसके शेयर 3% उछल पड़े थे। दिसंबर 2025 तिमाही में एचडीएफसी एएमसी का तिमाही औसतन एयूएम तिमाही आधार पर 5% उछल पड़ा जोकि इंडस्ट्री ग्रोथ के हिसाब से ही रही। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 4.6% बढ़कर ₹1,075 करोड़ पर पहुंच गया जबकि यील्ड्स 46.5 बेसिस प्वाइंट्स पर स्थिर बना हुआ है जबकि मार्केट का अनुमान गिरावट के साथ इसके 46.2 बेसिस प्वाइंट्स तक आने का था।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।