Share Market Crash: ₹3.5 लाख करोड़ हुए स्वाहा, सेंसेक्स 533 अंक टूटा, लगातार दूसरे दिन गिरा शेयर बाजार – share market crash today sensex down 533 points nifty below 25900 investor s wealth falls over 3 lakh crore



Share Market Down: भारतीय शेयर बाजारों में मंगलवार, 16 दिसंबर को लगातार दूसरे दिन तेज गिरावट देखने को मिली। रुपये में लगातार कमजोरी और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बीच निवेशकों का भरोसा डगमगाया रहा। कमजोर ग्लोबल संकेतों और आखिरी घंटे की मुनाफावसूली ने बाजार पर अतिरिक्त दबाव डाला। इससे सेंसेक्स-निफ्टी दिन के निचले स्तरों के करीब बंद हुए। इस गिरावट के चलते निवेशकों की संपत्ति में करीब ₹3.5 लाख करोड़ की कमी आंकी गई।

कारोबार की शुरुआत ही कमजोर रही। निफ्टी 26,000 के स्तर से नीचे खुला और पूरे दिन लाल निशान में बना रहा। दिन के अंतिम घंटे में तेज बिकवाली के चलते निफ्टी 25,850 के नीचे फिसल गया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 533.50 अंक या 0.63 फीसदी की गिरावट के साथ 84,679.86 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 167.20 अंक या 0.64 फीसदी टूटकर 25,860.10 के स्तर पर आ गया। ब्रॉडर मार्केट में भी दबाव दिखा और बीएसई मिडकैप व स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 1-1 फीसदी गिरकर बंद हुए।

रुपये की कमजोरी ने बाजार की चिंता और बढ़ा दी। भारतीय रुपया पिछले पांच कारोबारी सत्रों में डॉलर के मुकाबले करीब 1 फीसदी टूट चुका है। मंगलवार को यह पहली बार 91 के स्तर को पार कर गया और कारोबार के दौरान 91.08 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर तक फिसल गया। रुपये की इस तेज गिरावट ने विदेशी निवेशकों के सेंटीमेंट को और कमजोर किया और शेयर मार्केट पर दबाव बढ़ाया।

इन सेक्टर्स में दिखी सबसे अधिक गिरावट
सेक्टरों की बात करें तो कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी और टेलीकॉम को छोड़कर लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। रियल्टी, ऑयल एंड गैस, मेटल, आईटी, पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक शेयरों में 0.5 से 1 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। बैंकिंग और मेटल शेयरों में बिकवाली का दबाव खास तौर पर देखने को मिला। करीब 120 से ज्यादा स्टॉक्स ने आज अपना नया 52-वीक लो छुआ।

निवेशकों के ₹3.33 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 467.70 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 471.03 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 3.33 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 3.33 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 7 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाइटन (Titan) के शेयरों में 1.60 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद भारती एयरटेल (Bharti Airtel), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), एशियन पेंट्स (Asian Paints) और ट्रेंट (Trent) के शेयर 0.11 फीसदी से लेकर 1.44 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 23 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी एक्सिस बैंक (Axis Bank) का शेयर 5.03 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं इटरनल (Eternal), एचसीएल टेक (HCL Tech), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) और टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में 1.74 फीसदी से लेकर 4.69 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,328 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,328 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,651 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,520 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 157 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 100 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 135 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Story continues below Advertisement



Source link

Scroll to Top