
होम सर्विसेज देने वाली अर्बन कंपनी लिमिटेड के शेयरों में 15 दिसंबर को गिरावट है। शेयर दिन में BSE पर 5.6 प्रतिशत तक टूटकर 121.45 रुपये के लो तक गया। दरअसल कंपनी का 3 महीने का शेयरहोल्डर लॉक-इन पीरियड 15 दिसंबर को खत्म हुआ है। नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के मुताबिक, इससे अर्बन कंपनी के 4.15 करोड़ शेयर या बकाया इक्विटी का 3% हिस्सा ट्रेडिंग के लिए पात्र हो गया है। ध्यान रहे कि शेयरहोल्डर लॉक-इन खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि सभी शेयर ओपन मार्केट में बेच ही दिए जाएंगे। ये शेयर केवल ट्रेडिंग के लिए पात्र हो जाते हैं।
स्टॉक अपने IPO प्राइस से 18% ऊपर है। अर्बन कंपनी 17 सितंबर 2025 को लिस्ट हुई थी। इसका 1,900.24 करोड़ रुपये का IPO 108.98 गुना भरा था। अर्बन कंपनी भारत, UAE, सिंगापुर और सऊदी अरब में एक मल्टी कैटेगरी होम सर्विस प्लेटफॉर्म के तौर पर काम करती है। कंपनी के प्रमोटर अभिराज सिंह बहल, राघव चंद्रा और वरुण खेतान हैं। इसके प्लेटफॉर्म पर क्लीनिंग, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिक वर्क, अप्लायंसेज रिपेयर, ब्यूटी ट्रीटमेंट और मसाज थेरेपी जैसी सर्विसेज मिलती हैं।
3 ब्रोकरेज ने Urban Company शेयर पर शुरू किया कवरेज
अर्बन कंपनी का मार्केट कैप 18000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर अब तक BSE पर 201 रुपये के रिकॉर्ड हाई तक गया है। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 20.43 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने इस स्टॉक पर ‘सेल’ रेटिंग के साथ कवरेज शुरू किया है। प्राइस टारगेट ₹120 प्रति शेयर रखा है। इससे पहले अक्टूबर में मॉर्गन स्टेनली ने अर्बन कंपनी के शेयर के लिए ‘अंडरवेट’ रेटिंग और ₹117 के प्राइस टारगेट के साथ कवरेज शुरू किया था। गोल्डमैन सैक्स ने ‘न्यूट्रल’ रेटिंग और ₹140 के प्राइस टारगेट के साथ कवरेज शुरू किया था।
सितंबर तिमाही में ₹59.3 करोड़ का घाटा
जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में अर्बन कंपनी तिमाही आधार पर ₹6.9 करोड़ के शुद्ध मुनाफे से ₹59.3 करोड़ के शुद्ध घाटे में आ गई। वहीं एक साल पहले की समान अवधि यानी जुलाई-सितंबर 2024 में कंपनी को ₹1.82 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था। सितंबर 2025 तिमाही में सालाना आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 37% बढ़कर ₹380 करोड़ पर पहुंच गया।
Disclaimer:मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।