Riddhi Display IPO Listing: 1 लॉट पर ₹28800 का लॉस, लिस्ट होते ही लोअर सर्किट पर आया ₹100 का शेयर – riddhi display ipo listing shares debut at 20 percent discount riddhi display share price slips to lower circuit



Riddhi Display IPO Listing: डिस्प्ले काउंटर, किचन इक्विपमेंट्स और रेफ्रिजेरेशन इक्विपमेंट्स बनाने वाली रिद्धि डिस्प्ले के शेयरों की आज BSE SME पर भारी डिस्काउंट पर एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 4 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹100 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹80.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि लिस्टिंग पर उनकी पूंजी ही 20% घट गई। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर और नीचे आए। टूटकर यह ₹76.00 (Riddhi Display Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 24% घाटे में हैं। चूंकि इसका लॉट साइज 1200 शेयरों का था यानी कि आईपीओ निवेशक एक लॉट में यानी कम से कम ₹28,800 घाटे में हैं।

Riddhi Display IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

रिद्धि डिस्प्ले का ₹24.68 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 8-10 दिसंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 4.91 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 2.19 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 1.92 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 7.95 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 24,68,400 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹4.97 करोड़ इंटीरियर वर्क और लखनऊ में मैन्युफैक्चरिंग-एसेंबली यूनिट के सेटअप को लेकर नई इक्विपमेंट्स की खरीदारी, ₹3.79 करोड़ राजकोट में स्थित मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट को अपग्रेड करने के लिए नई इक्विपमेंट, सॉफ्टवेयर और मशीनरी इत्यादि की खरीदारी, ₹1.43 करोड़ राजकोट में शोरूम खोलने, ₹9.74 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

Riddhi Display के बारे में

वर्ष 2006 में बनी रिद्धि डिस्प्ले इक्विपमेंट्स डिस्प्ले काउंटर, किचन इक्विपमेंट्स और रेफ्रिजेरेशन इक्विपमेंट्स बनाती है। इसका फोकस रिटेल, एडवरटाइजिंग और एग्जीबिशंस जैसी इंडस्ट्रीज पर है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी गुजरात के गोंडाल में है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹21 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹2.02 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹4.14 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम सालाना 19% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹24,630.63 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-जुलाई 2025 में कंपनी को ₹2.00 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹11.23 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हो चुकी है। जुलाई 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹8.63 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹6.19 करोड़ पड़े थे।



Source link

Scroll to Top