
Highway Infrastructure Shares: हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों में आज 10 दिसंबर को तूफानी तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 10 फीसदी तक उछलकर 70.80 रुपये के स्तर तक पहुंच गए। यह तेजी कंपनी को NHAI से 328 करोड़ रुपये का एक नया ऑर्डर मिलने की खबर के बाद आई है। इस ऑर्डर के तहत आंध्र प्रदेश में नेशनल हाईवे-16 के चिलकलुरिपेट–विजयवाड़ा सेक्शन पर स्थित काजा टोल प्लाजा का संचालन और टोल वसूली होगी।
82.5 किमी के सेक्शन पर टोल ऑपरेशन
Highway Infrastructure को मिला यह लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LoA) 9 दिसंबर को जारी किया गया है। इसके तहत किमी 355 से किमी 437.5 के बीच फैले 82.5 किलोमीटर लंबे हिस्से में टोल ऑपरेशंस किए जाएंगे। यह सेक्शन नॉर्थ आंध्र प्रदेश को दक्षिण भारत के प्रमुख इंडस्ट्रियल और पोर्ट क्लस्टर्स से जोड़ता है और सबसे व्यस्त रूट्स में गिना जाता है। यह ऑर्डर प्रतिस्पर्धी ई-टेंडर प्रक्रिया के जरिए दिया गया है।
स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में Highway Infrastructure ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में काजा टोल प्लाजा पर यूजर फीस की वसूली और संचालन के साथ-साथ आसपास के टॉयलेट ब्लॉक्स का रखरखाव भी शामिल है। इसमें इस्तेमाल होने वाले कंज्यूमेबल आइटम्स की भरपाई की जिम्मेदारी भी कंपनी पर होगी।
एक साल की अवधि, NH-16 का अहम हिस्सा
इस कॉन्ट्रैक्ट की अवधि एक साल की है। इस दौरान कंपनी NH-16 के उस हिस्से पर टोल ऑपरेशन संभालेगी, जो भारत के ईस्ट कोस्ट इकोनॉमिक कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह रूट कृषि उत्पादों, निर्माण सामग्री और पोर्ट्स तक जाने वाले कार्गो के लिए एक प्रमुख फ्रेट कॉरिडोर माना जाता है।
दक्षिण भारत में पोर्टफोलियो मजबूत
इंदौर स्थित Highway Infrastructure देश के कई राज्यों में टोल प्लाजा संचालन और इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट सेवाएं देती है। इस नए कॉन्ट्रैक्ट के साथ दक्षिण भारत में कंपनी की मौजूदगी और मजबूत हुई है। यहां वाहनों की आवाजाही और लॉजिस्टिक्स गतिविधियां बढ़ने से नेशनल हाईवे पर टोल रेवेन्यू में लगातार इजाफा देखा जा रहा है।
हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर
सुबह 9:16 बजे के करीब, BSE पर कंपनी के शेयर 67.13 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे थे, जो पिछले बंद से 5.04 रुपये 8.12% ज्यादा था। हालांकि पिछले 1 महीने में स्टॉक 7% टूटा है। वहीं, लिस्टिंग के बाद से अब तक इस शेयर में करीब 48.24% की गिरावट आ चुकी है।
स्टॉक ने इस साल 14 अगस्त 2025 को ₹134.89 का अपना 52-सप्ताह का उच्च स्तर छुआ था, जबकि 9 दिसंबर 2025 को यह ₹59.80 के 52-सप्ताह के निचले स्तर तक गिर गया था। फिलहाल शेयर अपने हाई से 53.97% नीचे और अपने लो से 3.83% ऊपर ट्रेड कर रहा है। कंपनी का मार्केट कैप ₹445.31 करोड़ है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।