
JSW पोर्ट लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड (JSWPLPL) ने JSW शिपिंग एंड लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड (JSWSLPL) के साथ एक शेयर खरीद समझौता किया है। इसके तहत JSW पोर्ट लॉजिस्टिक्स, JSWSLPL से 3 कंपनियों में 100% इक्विटी शेयर कैपिटल खरीदेगी। ये कंपनियां JSW रेल इंफ्रा लॉजिस्टिक्स (JSW रेल), JSW मिनरल्स रेल लॉजिस्टिक्स (JSW मिनरल्स) और JSW (साउथ) रेल लॉजिस्टिक्स (JSW साउथ) हैं। JSWSLPL, इन तीनों कंपनियों की होल्डिंग कंपनी है। JSW पोर्ट लॉजिस्टिक्स, JSW इंफ्रास्ट्रक्चर के पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी है।
इस खरीद की कुल लागत 1212 करोड़ रुपये है। इस बारे में JSW इंफ्रास्ट्रक्चर ने शेयर बाजारों को जानकारी दी है। एक्सचेंज फाइलिंग में कहा गया है कि लेन-देन पूरा होने के बाद JSW रेल, JSW मिनरल्स और JSW साउथ, JSW इंफ्रास्ट्रक्चर के पूर्ण मालिकाना हक वाली स्टेप डाउन सब्सिडियरी बन जाएंगी।
डील पर रेल मंत्रालय की मंजूरी मिलना बाकी
यह एक रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन है। JSW पोर्ट लॉजिस्टिक्स में सज्जन जिंदल फैमिली ट्रस्ट के पास 78.72% हिस्सेदारी है। अपने नॉमिनीज के साथ इस ट्रस्ट की JSW शिपिंग एंड लॉजिस्टिक्स में 100% हिस्सेदारी है। इस खरीद पर अभी कंपनी के सदस्यों और रेल मंत्रालय की मंजूरी मिलना बाकी है। यह डील, शेयर परचेज एग्रीमेंट में मेंशन शर्तों के पूरा होने के 30 दिनों के अंदर पूरी हो जाएगी।
JSW Rail का वित्त वर्ष 2025 में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 96.5 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 0.6 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा 10.2 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024 में 0.3 करोड़ रुपये था। कंपनी का नेट वर्थ वित्त वर्ष 2025 में 58.7 करोड़ रुपये थी। JSW Minerals का वित्त वर्ष 2025 में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 31.1 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 10.9 करोड़ रुपये और नेट वर्थ 119.4 करोड़ रुपये दर्ज की गई। JSW South के रेलवे रेक बिजनेस ऑपरेशंस की शुरुआत अभी नहीं हुई है। इसकी नेट वर्थ वित्त वर्ष 2025 में 14 करोड़ रुपये थी।
JSW Infrastructure का शेयर 2 प्रतिशत टूटा
JSW इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के शेयरों में सोमवार को 2 प्रतिशत की गिरावट रही। BSE पर शेयर 262.95 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 55200 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर 3 महीनों में 12 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 83.62 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। सितंबर 2025 तिमाही के लिए JSW इंफ्रास्ट्रक्चर का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 143 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 119 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।