Share Market: RBI के ऐलान से झूमा शेयर बाजार, सेंसेक्स 447 अंक उछला; निवेशकों ने ₹95,000 करोड़ कमाए – stock market today sensex rallies 447 points on rbi policy boost investors add rs 95000 crore in wealth



Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में शुक्रवार 5 दिसंबर को लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली। RBI के ब्याज दर घटाने के ऐलान से बाजार के सेंटीमेंट को मजबूत मिली और निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 447.05 अंक या 0.52 फीसदी बढ़कर 85,712.37 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 152.70 अंक या 0.59 फीसदी की उछाल के साथ 26,186.45 के स्तर पर बंद हुआ।

RBI ने रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती का ऐलान किया। इसके बाद बैकिंग, फाइनेंशियल, रियल्टी और ऑटो में जमकर खरीदारी देखने को मिली। इसके अलावा अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से आईटी शेयरों और मेटल शेयरों में अच्छी तेजी रही।

हालांकि ब्रॉडर मार्केट का रुख मिलाजुला रहा। बीएसई मिडकैप इंडेक्स जहां 0.21 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.67 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।

निवेशकों ने ₹95,000 करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 470.80 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 469.85 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 95,000 करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 95,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शेयरों में 2.53 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) और एचसीएल टेक (HCL Tech) के शेयर 1.63 फीसदी से लेकर 2.08 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 6 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) का शेयर 3.38 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, इटरनल (Eternal), ट्रेंट (Trent), सन फार्मा (Sun Pharma) और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल (TMPV) के शेयरों में 0.72 फीसदी से लेकर 1.30 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,328 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,328 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,816 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,326 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 186 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 91 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 304 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top