
Stock Market Holiday: देश के कई हिस्सों में 4 मार्च को होली मनाई जा रही है, तो क्या शेयर बाजार भी बंद रहेगा? ये सवाल ज्यादार निवेशकों के मन में है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के आधिकारिक हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार होली की ट्रेडिंग छुट्टी 3 मार्च मंगलवार को थी। BSE और NSE के कैलेंडर के मुताबिक आज बुधवार को शेयर बाजार बंद नहीं रहेगा। इसलिए बुधवार 4 मार्च को बाजार सामान्य रूप से खुला रहेगा और सभी सेगमेंट में कारोबार होगा।
4 मार्च को होगी शेयर बाजार में ट्रेडिंग
शेयर बाजार पहले से घोषित छुट्टियों की सूची के अनुसार चलता है। भले ही अलग-अलग राज्यों में होली की तारीख अलग हो, लेकिन एक्सचेंज ने 3 मार्च को ही आधिकारिक छुट्टी रखी थी। 4 मार्च को इक्विटी, डेरिवेटिव और करेंसी सेगमेंट में ट्रेडिंग जारी रहेगी।
साल 2026 में शेयर बाजार कुल 15 दिनों के लिए बंद रहेगा। अब अगली बड़ी छुट्टी 26 मार्च को श्रीराम नवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती पर होगी। अप्रैल में 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे और 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर बाजार बंद रहेगा। मई में 1 मई को महाराष्ट्र दिवस और 28 मई को बकरीद के अवसर पर छुट्टी रहेगी। जून में 26 जून को मुहर्रम पर भी बाजार बंद रहेगा। साल के दूसरे हिस्से में 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती, 20 अक्टूबर को दशहरा, 10 नवंबर को दिवाली बलिप्रतिपदा, 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती और 25 दिसंबर को क्रिसमस पर ट्रेडिंग नहीं होगी।
इस बीच बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में एक फीसदी से ज्यादा गिरावट देखने को मिली। निफ्टी गिरावट के साथ खुला और दिनभर दबाव में रहा। ऑटो, रियल्टी और एनर्जी शेयरों में ज्यादा कमजोरी दिखी। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी 1.5 फीसदी से ज्यादा गिरावट रही।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से निवेशकों की चिंता बढ़ी है। तेल महंगा होने से महंगाई और आयात बिल बढ़ने का खतरा रहता है, जिसका असर बाजार पर पड़ता है। जानकारों का कहना है कि निफ्टी 24,600 के आसपास अहम स्तर पर है। अगर यह स्तर टूटता है तो गिरावट और बढ़ सकती है। ऐसे माहौल में निवेशकों को सतर्क रहकर सीमित जोखिम के साथ निवेश करने की सलाह दी जा रही है।