Stock in Focus: सोलर पैनल बनाने वाली कंपनी को मिला बड़ा ऑर्डर, शेयरों पर रहेगी नजर – waaree energies share price in focus after 500 mw solar module order and strong q3 results growth in stocks



Stock in Focus: सोलर पैनल बनाने वाली कंपनी Waaree Energies Ltd को 23 फरवरी को 500 मेगावाट सोलर मॉड्यूल सप्लाई का बड़ा ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर एक घरेलू सोलर पावर डेवलपर और इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर की ओर से दिया गया है।

यह एक बार का कॉन्ट्रैक्ट है, जो वित्त वर्ष 2026-27 के लिए है। कंपनी तय समयसीमा के भीतर पूरे 500 मेगावाट सोलर मॉड्यूल की सप्लाई करेगी। इससे पहले Waaree Energies ने 8,000 करोड़ रुपये के बैटरी प्रोजेक्ट को लेकर स्पष्टीकरण दिया था। कंपनी ने कहा था कि आंध्र प्रदेश समेत अन्य राज्यों के साथ बातचीत जारी है।

तीसरी तिमाही के मजबूत नतीजे

दिसंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ तिमाही आधार पर 26 प्रतिशत बढ़कर 1,062 करोड़ रुपये हो गया। दूसरी तिमाही में यह 842 करोड़ रुपये था। रेवेन्यू भी 24.7 प्रतिशत बढ़कर 7,656 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछली तिमाही में 6,065 करोड़ रुपये था।

EBITDA 37.2 प्रतिशत बढ़कर 1,928 करोड़ रुपये हो गया। दूसरी तिमाही में यह 1,405 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन 23.2 प्रतिशत से बढ़कर 25.5 प्रतिशत हो गया। इससे साफ है कि कंपनी को बेहतर ऑपरेटिंग लीवरेज का फायदा मिला।

लेबर कोड का असर

नए लेबर कोड को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने 7.14 करोड़ रुपये का एकमुश्त प्रावधान किया है। इसमें 31 दिसंबर 2025 तक की तिमाही और नौ महीने की अवधि के लिए कर्मचारी लाभ से जुड़ा खर्च शामिल है।

कंपनी ने कहा कि सरकार अभी संबंधित नियमों को अधिसूचित करने की प्रक्रिया में है। नियम लागू होने के बाद लागू अकाउंटिंग स्टैंडर्ड के अनुसार प्रभाव का आकलन कर उसे दर्ज किया जाएगा।

Waaree Energies के शेयरों का हाल

23 फरवरी को बीएसई पर Waaree Energies का शेयर 0.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,917.10 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 7.42% गिरा है। हालांकि, बीते 1 साल के दौरान इसमें 30.59% की तेजी आई है। कंपनी का मार्केट कैप 83.84 हजार करोड़ रुपये है।

मुंबई स्थित Waaree Energies एक वैश्विक एनर्जी ट्रांजिशन कंपनी है, जो सोलर एनर्जी सॉल्यूशंस में माहिर है। यह 20 से ज्यादा देशों में मौजूद है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top