
Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों में सोमवार 23 फरवरी को जोरदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 600 अंकों से अधिक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 25,750 के पार पहुंच गया। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप टैरिफ को गैरकानूनी घोषित कर दिया है, जिससे निवेशकों के मनोबल को मजबूती मिली। बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली।
सुबह 9:27 बजे के करीब, सेंसेक्स 589.87 अंक यानी 0.71% की बढ़त के साथ 83,404.58 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 175.25 अंक यानी 0.69% चढ़कर 25,746.50 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
16 में से 14 प्रमुख सेक्टरोल इंडेक्स हरे निशान में थे। निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स और मिडकैप इंडेक्स क्रमशः 0.7% और 0.2% तक चढ़ गए। शेयर बाजार में आज की इस तेजी के पीछे 3 बड़े कारण रहे-
1. अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले से राहत
शेयर बाजार में आज की तेजी की सबसे बड़ी वजह अमेरिका से आई पॉजिटिव रही। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए इंपोर्ट टैरिफ को रद्द कर दिया। ट्रंप ने इन टौरिफ को नेशनल इमरजेंसी में इस्तेमाल होने वाले कानून के तहत लागू किया था, लेकिन कोर्ट ने अब इसे खारिज कर दिया है। इस फैसले का ग्लोबल ट्रेड और इकॉनमी पर बड़ा असर पड़ेगा।
हालांकि ट्रंप ने बाद में कहा कि अस्थायी टैरिफ को 10% से बढ़ाकर 15% किया जाएगा, लेकिन बाजार ने इसे एक्सपोर्ट आधारित सेक्टरों के लिए राहत के तौर पर लिया। मार्केट एनालिस्ट्स का मानना है कि टैरिफ बोझ कम होने से टेक्सटाइल और एक्सपोर्ट से जुड़े शेयरों को फायदा मिल सकता है। ट्राइडेंट, वेलस्पन लिविंग, अरविंद और किटेक्स गारमेंट्स जैसे टेक्सटाइल शेयरों में 2.5% से 8% तक की तेजी देखने को मिली।
2. हैवीवेट शेयरों में खरीदारी
सेंसेक्स और निफ्टी इंडेक्स में भारी वजन रखने वाले शेयरों में भी आज मजबूत खरीदारी हुई। HDFC बैंक, ICICI बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज करीब 1% तक चढ़ गए। अदाणी पोर्ट्स का शेयर निफ्टी पर टॉप गेनर्स रहा और करीब 3% तक चढ़ गया। इसके अलावा एक्सिस बैंक, HDFC लाइफ, श्रीराम फाइनेंस, SBI लाइफ, कोटक महिंद्रा बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 1से 2% की तेजी रही।
वहीं दूसरी ओर आईटी शेयरों में हल्की कमजोरी देखने को मिली। इंफोसिस, विप्रो, टेक महिंद्रा और HCL टेक्नोलॉजीज 0.3% से 1% तक नीचे रहे। सिप्ला के शेयर में 1% से ज्यादा गिरावट आई।
3. मिडकैप और दूसरे शेयरों में तेजी
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी आज अच्छी तेजी देखने को मिली। निफ्टी 200 इंडेक्स में इंडियन बैंक और आईटीसी होटल्स 3% से ज्यादा चढ़े। वेदांता के शेयर में करीब 2% की तेजी रही, क्योंकि कंपनी ने प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर जारी कर फंड जुटाने पर विचार करने के लिए बोर्ड बैठक बुलाने का फैसला किया है।
4. क्रूड के दाम में गिरावट
कच्चे तेल की कीमतों में सोमवार को गिरावट आई। यूएस और ईरान न्यूक्लियर बातचीत के तीसरे दौर की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे दोनों देशों के बीच संभावित टकराव की चिंता कम हो गई है। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स का भाव 75 सेंट या 1.05% गिरकर $71.01 प्रति बैरल पर आ गया। वहीं U.S. वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड फ्यूचर्स का भाव 74 सेंट या 1.11% गिरकर $65.74 प्रति बैरल पर था। क्रूड की कीमतों में गिरावट को भारत जैसे बड़े खरीदारी वाले देशों के लिए पॉजिटिव माना जाता है।
5. ग्लोबल बाजारों से मजबूत संकेत
शेयर बाजार में आज की तेजी को ग्लोबल बाजारों से भी मजबूती मिली। एशिया में कॉस्पी भी 1.5 फीसदी ऊपर नजर आया। हालांकि चीन और जापान में आज छुट्टी है। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी करीब 1 फीसदी तक की तेजी रही। नैस्डेक 2200 अंकों से ज्यादा चढ़कर बंद हुआ। इससे निवेशकों का सेंटीमेंट मजबूत हुआ।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।