Ola Electric Shares: ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों ने छुआ नया ऑल-टाइम लो, एक साल में 55% टूटा भाव – ola electric mobility shares hit new all time low today stock price crashes 55 in a year here is why



Ola Electric shares: ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयरों मेंशुक्रवार 20 फरवरी को भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। कंपनी के शेयर 2.4% गिरकर 26.84 रुपये के अपने नए ऑल-टाइम लो स्तर पर पहुंच गए। सुबह 9:42 बजे के आसपास शेयर 2.11% की गिरावट के साथ 26.94 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। पिछले एक साल में कंपनी का शेयर करीब 55.4% टूट चुका है। वहीं इसी अवधि में सेंसेक्स लगभग 8.9% चढ़ा है। पिछले एक महीने में भी ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में करीब 16% की गिरावट आई है।

स्टोर नेटवर्क घटाने की खबर से दबाव

शेयर में गिरावट की बड़ी वजह यह खबर रही कि कंपनी अपनी फिजिकल रिटेल मौजूदगी में बड़ा कटौती करने की योजना बना रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी मार्च के अंत तक अपने स्टोर्स की संख्या घटाकर लगभग 550 करने की योजना बना रही है।

भाविश अग्रवाल की अगुवाई वाली कंपनी ने पहले आक्रामक विस्तार करते हुए अपने ऑफलाइन नेटवर्क को देशभर में करीब 4,000 लोकेशन्स तक पहुंचा दिया था। हालिया तिमाही अपडेट में कंपनी ने बताया कि उसने पहले ही अपने एक्टिव स्टोर्स की संख्या घटाकर करीब 700 कर दी है। इसे रणनीतिक बदलाव का हिस्सा बताया गया है।

बिजनेस रीसेट का दौर

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दिसंबर तिमाही कंपनी के लिए बड़े आंतरिक बदलावों का समय था। इलेक्ट्रिक व्हीकल अपनाने की रफ्तार धीमी होने और सर्विस क्वालिटी सुधारने की जरूरत को देखते हुए कंपनी ने अपनी लागत संरचना और ऑपरेटिंग मॉडल में बदलाव का फैसला लिया।

कंपनी अब शॉर्ट-टर्म बिक्री बढ़ाने के बजाय लॉन्ग-टर्म स्थिरता पर ध्यान दे रही है। कुछ जगहों पर आउटलेट बंद किए जा चुके हैं और कुछ जगहों पर कर्मचारियों की छंटनी भी की गई है।

तिमाही नतीजे भी कमजोर

मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में कंपनी ने ₹487 करोड़ का शुद्ध घाटा दर्ज किया। पिछले साल की इसी तिमाही में यह घाटा ₹564 करोड़ रहा था। वहीं कंपनी के रेवेन्यू में इस दौरान रेवेन्यू सालाना आधार पर 55% घटकर 470 करोड़ रुपये रह गया।

ब्रोकरेज ने भी घटाया टारगेट

हाल ही में ब्रोकरेज फर्म सिटी (Citi) ने स्टॉक पर अपनी रेटिंग ‘बाय’ से घटाकर ‘सेल’ कर दी। साथ ही टारगेट प्राइस 55 रुपये से घटाकर 27 रुपये कर दिया, यानी 51% की कटौती। लगातार कमजोर प्रदर्शन, घटती मांग और रणनीतिक बदलाव की खबरों के बीच Ola Electric का शेयर दबाव में बना हुआ है। निवेशकों की नजर अब कंपनी के अगले कदम और मांग में संभावित सुधार पर रहेगी।

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top