Share Market Fall: शेयर बाजार में इन 4 कारणों से गिरावट, सेंसेक्स 550 अंक लुढ़का, निफ्टी भी 25,700 के नीचे – why share market fall today here is 4 big reasons bse sesnex down 400 points nifty slips below 25750



Share Market Falls: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार 19 फरवरी को अपनी शुरुआती बढ़त गंवाकर लाल निशान में आ गए। सेंसेक्स दिन के हाई से 550 अंकों तक टूट गया। वहीं निफ्टी फिसलकर 25,750 के नीचे चला गया। इसके साथ ही शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी तेजी पर आज ब्रेक लग गया। मुनाफावसूली और क्रूड ऑयल के बढ़ते दामों ने मार्केट के सेंटीमेंट पर दबाव डाला। आईटी और फार्मा को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में थे। रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल, FMCG और कैपिटल गुड्स में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली।

सुबह 11:25 बजे के करीब, बीएसई सेंसेक्स 420.48 अंक यानी 0.50% की गिरावट के साथ 83,313.77 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 128.75 अंक यानी 0.50% गिरकर 25,690.60 पर पहुंच गया और 25,700 के नीचे फिसल गया।

शेयर बाजार में आज की इस गिरावट के पीछे 4 बड़े कारण रहे-

1. मुनाफावसूली से दबाव

लगातार तीन कारोबारी दिनों की तेजी के बाद शेयर बाजार में आज मुनाफावसूली देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी में पिछले तीन दिनों में करीब 1.4% की तेजी देखने को मिली। इस तेजी को दिसंबर तिमाही के नतीजे उम्मीदों के मुताबिक रहने से सपोर्ट मिला था। हालांकि, अब निवेशकों ने ऊंचे स्तरों पर मुनाफा बुक करना शुरू किया है।

कारोबार के दौरान 16 में से 13 प्रमुख सेक्टर लाल निशान में थे। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी दबाव दिखा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.4% और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.1% नीचे कारोबार कर रहे थे।

चॉइस ब्रोकिंग के टेक्निकल एनालिस्ट आकाश शाह ने बताया कि शेयर बाजार में फिलहाल स्टॉक-स्पेसिफिक एक्शन दिख रही है। निवेशक सावधानी के साथ पूंजी लगा रहे हैं। उनके मुताबिक, तिमाही नतीजों में सुधार के बावजूद शार्ट-टर्म में बाजार में कंसॉलिडेशन जारी रह सकता है।

2. कच्चे तेल की कीमतों में तेजी

क्रूड ऑयल के दाम में उछाल ने भी शेयर बाजार के सेंटीमेंट पर असर डाला है। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित तनाव की आशंका से सप्लाई बाधित होने की चिंता बढ़ी है। ब्रेंट क्रूड का भाव 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना रहा। पिछले कारोबारी सत्र में इसमें 4% से अधिक की तेजी आई थी। अमेरिकी क्रूड भी 65 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार कर रहा था।

भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए कच्चे तेल की कीमतों में तेजी महंगाई और चालू खाते के घाटे को बढ़ा सकती है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ती है।

3. इंडिया VIX में उछाल

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला इंडिया VIX इंडेक्स भी आज करीब 5% चढ़कर 12.83 पर पहुंच गया। VIX इंडेक्स में बढ़ोतरी शॉर्ट-टर्म में अस्थिरता बढ़ने का संकेत देती है।

इंडिया VIX में तेजी का मतलब है कि निवेशक आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव की उम्मीद कर रहे हैं। यही वजह है कि तेज बढ़त के बाद बाजार में दबाव देखा गया।

4. टेक्निकल लेवल

मार्केट एनालिस्ट्स का कहना है कि शेयर बाजार में आगे मजबूती के लिए निफ्टी को 25,900–26,000 के स्तर को पार करना जरूरी है। चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड के रिसर्च एनालिस्ट हितेश टेलर के मुताबिक, ग्लोबल अनिश्चितताओं और शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव को देखते हुए ट्रेडर्स को सावधानी और अनुशासन बनाए रखना चाहिए। गिरावट के दौरान फंडामेंटल रूप से मजबूत शेयरों पर ही ध्यान देना बेहतर रहेगा।

उन्होंने कहा कि निफ्टी के 26,000 के स्तर से ऊपर टिकाऊ ब्रेकआउट के बाद ही नई खरीदारी पर विचार करना चाहिए। इससे बाजार के मूड में सुधार का मजबूत संकेत मिलेगा।

वहीं, SAMCO सिक्योरिटीज के मुताबिक, निफ्टी के लिए 25,700–25,660 के बीच तत्काल सपोर्ट है। ऊपर की तरफ 26,000–26,050 अगला मजबूत रेजिस्टेंस जोन रहेगा। अगर निफ्टी 26,000 के ऊपर टिकता है, तो बाजार ऊपरी स्तरों की ओर बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें- Coforge Shares: 77% तक चढ़ सकता है यह आईटी शेयर, CLSA ने लगाया दांव, बताए ये कारण

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top