AI Stocks: नेटवेब, E2E नेटवर्क्स समेत इन एआई शेयरों में 20% की तेजी, AI समिट में किए ये बड़े ऐलान – ai stocks surge netweb e2e networks lead rally up to 20 percent during india ai impact summit



AI Stocks: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में बुधवार 18 फरवरी को भारी तेजी देखने को मिली। नेटवेब टेक्नोलॉजीज, E2E नेटवर्क्स और अनंत राज जैसी कंपनियों के शेयर 8% से लेकर 20% तक उछल गए। यह तेजी नई दिल्ली में चल रहे India AI Impact Summit के दौरान आई, जहां AI और तकनीकी विकास के लिए कई नई डील्स और प्रोजेक्ट्स के ऐलान हुए।

नेटवेब टेक्नोलॉजीज (Netweb Technologies)

नेटवेब टेक्नोलॉजीज के शेयर आज कारोबार के दौरान 11% तक चढ़ गए। कंपनी ने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत NVIDIA टेक्नोलॉजी से लैस नए AI सुपरकंप्यूटिंग सिस्टम लॉन्च किए हैं, जिसके बाद शेयरों में यह तेजी देखी गई।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि नेटवेब टेक्नोलॉजीज ने भारत में कंप्यूटिंग के क्षेत्र में एक नया कदम उठाया है। कंपनी ने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत एक AI सुपरकंप्यूटर ‘टाइरोन कैमरेरो GB200 सिस्टम’ लॉन्च किया है। कंपनी का कहना है कि यह दुनिया के सबसे ताकतवर एआई इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस में से एक है।

इसके साथ ही कंपनी ने ‘टाइरोन कैमरेरो स्पार्क’ नाम का एक पर्सनल कंप्यूट सिस्टम भी पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह दुनिया के सबसे छोटे AI सुपरकंप्यूटर में से एक है, जो डेस्कटॉप के आकार में उपलब्ध है। यह सिस्टम NVIDIA की AI तकनीक पर आधारित है और इसमें NVIDIA ब्लैकवेल GPU, NVIDIA ग्रेस CPU, NVIDIA नेटवर्किंग, CUDA-X लाइब्रेरी और AI सॉफ्टवेयर स्टैक शामिल हैं।

कंपनी के मुताबिक, यह नया सिस्टम भारत में लाखों AI डेवलपर्स की जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा और एडवांस AI तकनीक के विकास को तेज करेगा।

2. ई2ई नेटवर्क्स (E2E Networks)

E2E नेटवर्क्स के शेयर आज कारोबार के दौरान 20% तक उछल गए। यह तेजी तब आई जब कंपनी ने बताया कि वह अपने TIR प्लेटफॉर्म पर एनवीडिया ब्लैकवेल GPU क्लस्टर बना रही है। एनवीडिया के जय पुरी ने कहा कि E2E नेटवर्क्स, चेन्नई के L&T व्योमा डेटा सेंटर में अपने TIR क्लाउड प्लेटफॉर्म पर NVIDIA HGX B200 सिस्टम और NVIDIA एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर के साथ ब्लैकवेल GPU क्लस्टर तैयार कर रही है।

इस प्लेटफॉर्म में NVIDIA Nemotron ओपन मॉडल भी शामिल होंगे। कंपनी का कहना है कि इससे एजेंटिक AI, हेल्थकेयर, फाइनेंस, मैन्युफैक्चरिंग और एग्रीकल्चर जैसे क्षेत्रों में भारत में एडवांस AI विकास को बढ़ावा मिलेगा।

3. ऑरियनप्रो सॉल्यूशंस (Aurionpro Solutions)

एंड-टू-एंड डेटा सेंटर सॉल्यूशंस मुहैया कराने वाली, ऑरियनप्रो सॉल्यूशंस ने 18 फरवरी को एक जाने-माने ग्लोबल डेटा सेंटर डेवलपर और ऑपरेटर से एक “बड़ा ऑर्डर” मिलने का ऐलान किया। इस खबर के बाद इसके शेयरों में 5% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि यह रणनीतिक करार उसके लंबे समय से जुड़े एक बड़े ग्लोबल क्लाइंट से मिला है। कंपनी ने बताया कि यह ऑर्डर उसकी पूरी इंफ्रास्ट्रक्चर सेवाओं की क्षमता को साबित करता है, जिसमें इंजीनियरिंग, डिजाइन, निर्माण, कमीशनिंग और पूरे प्रोजेक्ट की देखरेख (लाइफसाइकल सपोर्ट) शामिल है।

यह बड़ा ऑर्डर अगले तीन तिमाहियों में पूरा किया जाएगा। इसके तहत मुंबई में एक मौजूदा (ब्राउनफील्ड) डेटा सेंटर फैसिलिटी का डिजाइन और निर्माण किया जाएगा। प्रोजेक्ट में इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन सेवाओं के साथ-साथ इंटीग्रेटेड टेस्टिंग और कमीशनिंग भी शामिल है।

दूसरे AI शेयरों में भी तेजी

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इसके कई तरह के इस्तेमाल को लेकर उम्मीदों और कई डील्स के ऐलान के बीच, AI से जुड़े दूसरे शेयरों में भी आज 18 फरवरी को अच्छी तेजी देखने को मिली। अनंत राज, ओरिएंट टेक्नोलॉजीज के शेयर 8% तक बढ़ गए। डेटा सेंटर को बिजली देने वाली पावर कंपनियों के शेयर भी बढ़े। इसमें कमिंस इंडिया और हिताची एनर्जी के शेयर क्रमशः 3.75% और 2% बढ़े।

यह तेजी ऐसे समय में आई है नई दिल्ली के भारत मंडपम में  ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ चल रहा है। यह ग्लोबल साउथ में आयोजित पहला बड़ा AI सम्मेलन है। यह सम्मेलन शनिवार तक चलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गूगल के सुंदर पिचाई, ओपनAI के सैम ऑल्टमैन और एंथ्रोपिक के डारियो अमोदेई गुरुवार को इस सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

यह भी पढ़ें- Cigarette Stocks: सिगरेट कंपनियों के शेयरों में भारी तेजी; ITC, गॉडफ्रे फिलिप्स के भाव 12% तक उछले, जानें कारण

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top