
Aurionpro Solutions Shares: एक वैश्विक डेटा सेंटर डेवलपर और ऑपरेटर से एक अहम ऑर्डर मिलने पर ऑरियनप्रो सॉल्यूशंस के शेयर आज रॉकेट बन गए। अभी कुछ ही समय पहले एक दिग्गज बैंक से भी इसे तगड़ा ऑर्डर मिला था और अब एक और अहम ऑर्डर ने इसके शेयरों की चमक बढ़ा दी। निवेशकों के तगड़े रुझान पर यह 9% से अधिक उछल पड़ा। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी से भाव में काफी मजबूती बनी रही। फिलहाल बीएसई पर यह 5.49% की बढ़त के साथ ₹984.90 पर है। इंट्रा-डे में यह 9.23% उछलकर ₹1020.00 तक पहुंच गया था।
कैसी डील मिली है Aurionpro Solutions को?
ऑरियनप्रो को एक मशहूर ग्लोबल डेटा सेंटर डेवलपर और ऑपरेटर से अहम ऑर्डर मिला है। कंपनी ने जिक्र किया है कि यह ऑर्डर ऐसे समय में मिला है, जब हाल ही में एक बैंक से इसे डेटा सेंटर इंफ्रा एक्सपैंशन कॉन्ट्रैक्ट मिला था। डेटा सेंटर डेवलपर के साथ डील को लेकर बात करें तो कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि इस पर अगली तीन तिमाहियों में काम पूरा करना है। इसके तहत मुंबई में ब्राउनफील्ड फैसिलिटी की डिजाइन और एग्जीक्यूशन का काम है। इसमें इंटीग्रेटेड टेस्टिंग और कमीशनिंग के साथ कवरिंग, इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन का काम शामिल है।
कंपनी के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और प्रमुख (एंटरप्राइज बिजनेस) भास्कर भट्टाचार्य का कहना है कि सरकार के डेटा सेंटर फ्रेमवर्क के लागू होने और अगले वित्त वर्ष 2026 के बजट में देश को नियो-क्लाउड हब के तौर पर बनाने पर जोर के चलते काम पूरा करने में महारत हासिल करने वाले पार्टनर्स की मांग बढ़ी है जो लाइव ऑपरेशनल माहौल में मिशन-क्रिटिकल इंफ्रा डिलीवर कर सकें।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
ऑरियनप्रो सॉल्यूशंस के शेयर पिछले साल 16 जुलाई 2024 को ₹1663.15 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस हाई से यह छह ही महीने में 46.91% फिसलकर 30 जनवरी 2026 को ₹883.00 पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।
कैसी है कारोबारी सेहत?
ऑरेयिनप्रो सॉल्यूशंस के कारोबारी सेहत की बात करें तो चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही मिली-जुली रही। दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का कंसालिडेटेड लेवल पर ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 21.20% उछलकर ₹371.02 करोड़ पर पहुंच गया लेकिन इस दौरान कंपनी के इक्विटीहोल्डर्स के लिए शुद्ध मुनाफा 10.98% घटकर ₹42.15 करोड़ रह गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।