Share Market Down: शेयर बाजार में इन 3 कारणों से गिरावट; सेंसेक्स 250 अंक लुढ़का, निफ्टी 25,650 के नीचे – why share market down today 3 big reasons sensex falls over 250 points nifty below 25650



Share Market Down: भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार 18 फरवरी को शुरुआती तेजी टिक नहीं सकी। सेंसेक्स दिन की ऊंचाई से 400 अंक फिसल गया। वहीं निफ्टी भी 25,650 के नीचे कारोबार करता दिखा। इसके साथ ही शेयर बाजार में पिछले दो दिनों से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया। आईटी शेयरों में बिकवाली और लार्जकैप शेयरों में मुनाफावसूली ने मार्केट के सेंटीमेंट को कमजोर किया।

सुबह 10:28 बजे के करीब, बीएसई सेंसेक्स 256.77 अंक या 0.31 प्रतिशत गिरकर 83,194.19 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 75.8 अंक या 0.29 प्रतिशत गिरकर 25,649.60 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार में आज की इस गिरावट के पीछे 3 बड़े कारण रहे-

1. आईटी शेयरों में बिकवाली

गिरावट की सबसे बड़ी वजह आईटी सेक्टर में मुनाफावसूली रही। पिछले दो दिनों की तेजी के बाद निवेशकों ने आईटी शेयरों में आज बिकवाली की। परसिस्टेंट सिस्टम्स, इंफोसिस और टेक महिंद्रा जैसे शेयर 2.5 से 3 प्रतिशत तक टूट गए। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 2.4 प्रतिशत तक लुढ़क गए। इससे पहले के कारोबार में यह 1 प्रतिशत चढ़ गया था।

निफ्टी आईटी इंडेक्स में शामिल सभी 10 शेयर लाल निशान में रहे। इंफोसिस करीब 3 प्रतिशत गिरा और पिछले सत्र की तेजी गंवा दी। हालांकि कंपनी ने हाल ही में AI से जुड़े बड़े अवसरों की बात कही थी, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि अधिकतर कंपनियां अभी बड़े पैमाने पर AI अपनाने के लिए तैयार नहीं हैं। इसी वजह से सेक्टर में अनिश्चितता बनी हुई है।

2. कमजोर ग्लोबल संकेत

एशियाई शेयर बाजारों से मिले कमजोर संकेतों का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा। अमेरिकी फ्यूचर्स और नैस्डैक में पहले आई गिरावट से निवेशकों का मनोबल कमजोर हुआ है। ग्लोबल स्तर पर निवेशक अभी भी सतर्क हैं। अमेरिका की संभावित ट्रेड नीति, बॉन्ड यील्ड और टेक सेक्टर की चिंता से जोखिम लेने की क्षमता घट रही है। इसका सीधा असर भारतीय बाजार पर दिखा।

3. मुनाफावसूली

पिछले दो दिनों में बाजार में अच्छी तेजी आई थी। ऐसे में ऊंचे स्तरों पर निवेशकों ने मुनाफा बुक करना बेहतर समझा। खासकर बैंकिंग और आईटी जैसे हैवीवेट शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। इससे इंडेक्स पर दबाव बढ़ गया।

तकनीकी नजरिया

मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार निफ्टी के लिए 25,750 का स्तर अभी भी मजबूत रेजिस्टेंस बना हुआ है। जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट्स, आनंद जेम्स ने बताया कि निफ्टी का 25,620 से 25,570 के दायरे से उछाल उम्मीद के मुताबिक था, लेकिन 25,750 के ऊपर टिकना मुश्किल साबित हो रहा है। अगर निफ्टी इस स्तर को मजबूती से पार करता है तो 25,900 की ओर बढ़ सकता है। फिलहाल चार्ट्स पर संकेत कमजोरी दिखा रहे हैं। ऐसे में आने वाले सेशंस में बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top