
रेलिगेयर एंटरप्राइजेज के शेयरों में 16 फरवरी को दिन में 6 प्रतिशत तक की गिरावट दिखाई दी। BSE पर शेयर 229 रुपये के लो तक गया। बाद में शेयर 5 प्रतिशत गिरावट के साथ 231.65 रुपये पर सेटल हुआ। दरअसल कंपनी ने डीमर्जर के तहत अपने फाइनेंशियल सर्विसेज और बीमा कारोबार को दो अलग-अलग लिस्टेड एंटिटीज में बांटने का प्लान बनाया है। कंपनी के बोर्ड ने इस प्लान को मंजूरी दे दी है। इस खबर से शेयरों में बिकवाली का दबाव है। फरवरी, 2025 में बर्मन परिवार ने रेलिगेयर का नियंत्रण अपने हाथ में लिया था।
उसके बाद से यह कंपनी द्वारा घोषित पहली बड़ी रीस्ट्रक्चरिंग है। प्रपोजल के तहत केयर हेल्थ इंश्योरेंस लिमिटेड, इंश्योरेंस सेक्टर पर फोकस्ड एंटिटी के तौर पर काम करती रहेगी। रेलिगेयर एंटरप्राइजेज लिमिटेड की केयर हेल्थ इंश्योरेंस लिमिटेड में हिस्सेदारी बनी रहेगी। वहीं लेंडिंग, ब्रोकिंग, निवेश गतिविधियों और संबंधित सर्विसेज से जुड़े फाइनेंशियल सर्विसेज बिजनेस को ‘रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड’ (RFL) को ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
Religare Enterprises के शेयरहोल्डर्स के लिए क्या बदलाव
बयान के अनुसार, डीमर्जर के बाद RFL, रेलिगेयर एंटरप्राइजेज के शेयरहोल्डर्स को 1:1 के रेशियो में फुली पेड अप इक्विटी शेयर जारी करेगी। साथ ही RFL को BSE और NSE पर लिस्ट कराया जाएगा। डीमर्जर के प्रपोजल को नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल (NCLT) के पास जमा किया जाएगा। इस पर अभी शेयरहोल्डर्स, लेनदारों और रेगुलेटर्स की मंजूरी लिया जाना बाकी है।
कब तक लिस्ट होगी RFL?
समूह का लक्ष्य इस प्रक्रिया को पूरा कर वित्त वर्ष 2027-28 की पहली तिमाही तक RFL को लिस्ट कराने का है। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि इस बदलाव के दौरान बिजनेस ऑपरेशंस, कर्मचारियों या ग्राहकों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। रेलिगेयर एंटरप्राइजेज का मार्केट कैप 7600 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर एक सप्ताह में 10 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 1.37 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025 के दौरान रेवेन्यू 6.26 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।