
Vedant Fashions Share Price: चार साल पहले 2022 में 16 फरवरी को लिस्ट हुई वेदांत फैशंस के शेयर अपने इश्यू प्राइस से करीब आधा हो चुके हैं। आईपीओ निवेशकों को ₹866 के भाव पर जारी हुआ शेयर आज टूटकर ₹435.40 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। इस गिरावट की वजह ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टैनले का बेयरेश रुझान है जिसने इसके शेयरों के टारगेट प्राइस में 38% की कटौती कर दी है। इसके चलते इंट्रा-डे में यह 4.31% टूटकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद अभी भी यह दबाव में है और फिलहाल बीएसई पर यह 2.44% की फिसलन के साथ ₹443.90 पर है।
वेदांत फैशंस की बजाय मॉर्गन स्टैनले की पसंद आदित्य बिड़ला लाइफस्टाइल ब्रांड्स है जिसे इसने ओवरवेट रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस ₹176 पर फिक्स किया है। हालांकि यह भी फिलहाल दबाव में है और 0.62% की गिरावट के साथ ₹111.85 (Aditya Birla Lifestyle Brands Share Price) पर है।
Vedant Fashions पर क्यों हुआ Morgan Stanley बेयरेश?
ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टैनले ने वेदांत फैशंस की रेटिंग को डाउनग्रेड कर इक्वल-वेट से अंडरवेट कर दिया है। साथ ही इसका टारगेट प्राइस ₹642 से 37.7% घटाकर ₹400 कर दिया है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि वेदांत फैशंस की ग्रोथ तीन साल में सबसे कमजोर हुई है जोकि इसमें स्ट्रक्चरल और कॉम्पटीटिव दबावों को दिखाता है। ब्रोकरेज फर्म ने तो कहा है कि वैल्यूएशन की डी-रेटिंग आगे भी जारी रह सकती है। एनालिस्ट्स ने वित्त वर्ष 2026-28 के रेवेन्यू अनुमान में 2% और ऑपरेटिंग प्रॉफिट के अनुमान में 5-7% की कटौती की है जिससे EPS (प्रति शेयर आय) में 7-9% की कमी आई।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
वेदांत फैशंस के शेयर पिछले साल 21 फरवरी 2025 को ₹919.95 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस हाई से यह एक साल में 52.67% फिसलकर आज 16 फरवरी 2026 को ₹435.40 पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड निचला स्तर है। घरेलू स्टॉक मार्केट में इसके शेयरों की करीब चार साल पहले 16 फरवरी 2022 को एंट्री हुई थी और इसके ₹3,149 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹866 के भाव पर शेयर जारी हुए थे यानी कि चार साल में आईपीओ निवेशकों का पैसा लगभग आधा हो चुका है। इसके आईपीओ को ओवरऑल 2.57 गुना बोली मिली थी लेकिन खुदरा निवेशकों का आरक्षित हिस्सा महज 0.39 गुना ही सब्सक्राइब हुआ था। हालांकि कंपनी ने लिस्टिंग के बाद से हर साल अगस्त-सितंबर में निवेशकों को डिविडेंड बांटा है। वर्ष 2022 में इसने हर शेयर पर ₹5, वर्ष 2023 में ₹9, वर्ष 2024 में 8.50 और वर्ष 2025 में ₹8.00 का फाइनल डिविडेंड बांटा था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।