
GMR Airports Q3 Result: सोमवार 16 फरवरी को जब स्टॉक मार्केट खुलेगा तो जीएमआर एयरपोर्ट्स के शेयरों पर इसके कारोबारी नतीजे का नतीजा दिख सकता है। एक कारोबारी दिन पहले की शाम में जीएमआर एयरपोर्ट्स ने नतीजे पेश किए और इसमें खुलासा हुआ कि इसका मुनाफा सालाना आधार पर 54% से अधिक गिर गया लेकिन इसी दौरान इसका रेवेन्यू 50% से अधिक बढ़ गया। साथ ही ऑपरेटिंग प्रॉफिट में भी जोरदार तेजी आई। ऐसे में जब स्टॉक मार्केट खुलेगा तो शेयरों में तेज हलचल दिख सकती है। एक कारोबारी दिन पहले बीएसई पर यह 2.40% की गिरावट के साथ ₹94.02 (GMR Airports Share Price) पर बंद हुआ था। नतीजे आने से पहले इंट्रा-डे में यह 2.83% टूटकर ₹93.60 तक आ गया था।
GMR Airports Q3 Result: खास बातें
चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 में जीएमआर एयरपोर्ट्स का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 54.4% फिसलकर ₹267 करोड़ से ₹121.8 करोड़ पर आ गया। हालांकि इसका दौरान कंपनी का रेवेन्यू 50.5% उछलकर ₹2,653 करोड़ से ₹3,994 करोड़ पर पहुंच गया जिसे हाई पैसेंजर ट्रैफिक और ऑपरेटिंग परफॉरमेंस में सुधार से सपोर्ट मिला। कंपनी की टोटल इनकम सालाना आधार पर 49% बढ़कर ₹4,083 करोड़ और EBITDA यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट 65% उछलकर ₹1,789 करोड़ के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक दिल्ली एयरपोर्ट का ऑपरेटिंग प्रॉफिट तो रिकॉर्ड हाई लेवल पर रहा।
ट्रैफिक में भी जोरदार उछाल दिखा और जीएमआर के एयरपोर्ट्स से 3.19 करोड़ यात्रियों की दिसंबर 2025 तिमाही में आवाजाही हुई। दिल्ली एयरपोर्ट्स से दिसंबर तिमाही में 2.08 करोड़ यात्रियों का आना-जाना हुआ तो हैदराबाद एयरपरोट् ने 78 लाख और मोपा (गोवा) एयरपोर्ट ने 14.6 लाख यात्रियों को हैंडल किया। दिसंबर 2025 तिमाही में दिल्ली एयरपोर्ट की टोटल इनकम सालाना 41% बढ़कर ₹2,019 करोड़ पर पहुंच गई जिसे टैरिफ में बदलाव के बाद ऐरो रेवेन्यू में 173% की तेजी और नॉन-ऐरो रेवेन्यू में 11% के उछाल से सपोर्ट मिला। इस दौरान हैदराबाद एयरपोर्ट्स की टोटल इनकम 8.2% उछलकर ₹659 करोड़ पर पहुंच गई तो ऐरो रेवेन्यू 5.6% और नॉन-ऐरो रेवेन्यू 23.7% की रफ्तार से बढ़ा।
जीएमआर एयरपोर्ट्स ने यह भी दावा किया कि इसने पानी की जितनी खपत की, उसका 42% तो रिसाइकलिंग से मिला। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट आईजीबीसी नेट जीरो वेस्ट टू लैंडफिल प्लैटिनम सर्टिफिकेशन हासिल करने वाला देश का पहला हवाई अड्डा बन गया है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
जीएमआर एयरपोर्ट्स के शेयर पिछले साल 28 फरवरी 2025 को ₹67.75 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह दस महीने में 62.80% उछलकर 2 दिसंबर 2025 को ₹110.30 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।