
IRCTC Q3 Results: सरकारी रेलवे कंपनी IRCTC ने 12 फरवरी को वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 15.6 प्रतिशत बढ़कर 394.3 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की इसी तिमाही में यह 341 करोड़ रुपये था।
रेवेन्यू और EBITDA में मजबूत बढ़त
IRCTC की तीसरी तिमाही में कुल आय 18.4 प्रतिशत बढ़कर 1,449.4 करोड़ रुपये रही। यह पिछले साल इसी अवधि में 1,224.6 करोड़ रुपये थी।
EBITDA 12 प्रतिशत बढ़कर 465.8 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले यह 416.4 करोड़ रुपये था। हालांकि EBITDA मार्जिन घटकर 32.1 प्रतिशत रह गया, जो पिछले साल 34 प्रतिशत था। इसका मतलब है कि कमाई बढ़ी, लेकिन मार्जिन थोड़ा दबाव में रहा।
दूसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित
IRCTC ने 2 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 3.50 रुपये का दूसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। यह 175 प्रतिशत के बराबर है। कंपनी ने 20 फरवरी 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है, यानी इस तारीख तक जिन निवेशकों के पास शेयर होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे।
IRCTC के शेयरों का हाल
नतीजों के दिन बीएसई पर IRCTC का शेयर 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 621.85 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 13.68% नीचे आया है। वहीं, 1 साल में इसने 18.07% का नेगेटिव रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 49.73 हजार करोड़ रुपये है।
IRCTC का बिजनेस क्या है
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IRCTC) भारतीय रेल की सहायक सरकारी कंपनी है। इसका मुख्य काम ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म चलाना, ट्रेनों और स्टेशनों पर कैटरिंग और फूड सर्विस देना है।
यह ‘रेल नीर’ ब्रांड के तहत पैकेज्ड पानी बेचती है और घरेलू-विदेशी टूर पैकेज भी ऑपरेट करती है। देश में रेलवे ई-टिकटिंग का लगभग पूरा कारोबार IRCTC के जरिए होता है। इससे उसे सर्विस चार्ज, सुविधा शुल्क और हॉस्पिटैलिटी सेवाओं से आय मिलती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।