Brandman Retail IPO Listing: लिस्ट होते ही अपर सर्किट, धाकड़ बोली के बाद ₹176 के शेयरों ने एंट्री पर ही मचा दिया धमाल – brandman retail ipo listing shares debut around 4 percent premium brandman retail share price jumps further to upper circuit



Brandman Retail IPO Listing: इंटरनेशनल स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल ब्रांड्स के सामान बेचने वाली ब्रांडमन रिटेल के शेयरों की आज NSE SME प्लेटफॉर्म पर प्रीमियम एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का धांसू रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 114 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹176 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹183.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 3.98% का लिस्टिंग गेन (Brandman Retail Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹192.15 (Brandman Retail Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 9.18% मुनाफे में हैं।

Brandman Retail IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

ब्रांडमन रिटेल का ₹86 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 4-6 फरवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 114.48 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 85.24 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 202.98 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 93.12 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 48,91,200 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹27.90 करोड़ 15 नए EBOs (एक्स्क्लूसिव ब्रांड आउटलेट्स) और MBOs (मल्टी-ब्रांड आउटलेट्स) लॉन्च करने, ₹11.78 करोड़ इन नए ईबीओ और एमबीओ के लिए वर्किंग कैपिटल की जरूरतों, ₹26.72 करोड़ मौजूदा ईबीओ और एमबीओ के वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

Brandman Retail के बारे में

वर्ष 2021 में बनी ब्रांडमन रिटेल इंटरनेशनल स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल ब्रांड्स के सामान बेचती है। इसका कारोबार डिस्ट्रीब्यूशन, लाइसेंसिंग, रिटेल और ई-कॉमर्स के जरिए चल रहा है। उत्तरी भारत में इसके अहमदाबाद, अंबाला, देहरादून, नई दिल्ली, जालंधर, बठिंडा, गुरुग्राम, लखनऊ और नोएडा जैसे शहरों में एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट्स (ईबीओ) चलते हैं और न्यू बैलेंस ब्रांड के तहत काम करते हैं। भटिंडा और नई दिल्ली में कंपनी स्नीकर्ज (Sneakrz) नाम से दो एमबीओ समेत 11 ईबीओ चलाती है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2025 में इसका शुद्ध मुनाफा 153.33% उछलकर ₹20.95 करोड़ और टोटल इनकम 10.37% उछलकर ₹136.30 करोड़ पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2025 में कंपनी को ₹19.67 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹97.21 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। दिसंबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹15.68 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹46.70 करोड़ पड़े थे।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top