
मैन इंडस्ट्रीज (इंडिया) लिमिटेड के शेयरहोल्डर्स के लिए 9 फरवरी का दिन काफी अच्छा गया। कंपनी के दिसंबर 2025 तिमाही के नतीजे जारी होने के बाद दिन में शेयर की कीमत 9 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गई। बीएसई पर शेयर ने 397 रुपये का हाई देखा। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के दौरान उसका कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 61.3% बढ़कर ₹55 करोड़ हो गया।
एक साल पहले मुनाफा ₹34 करोड़ था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 13.4% की बढ़ोतरी के साथ ₹830.4 करोड़ हो गया। दिसंबर 2024 तिमाही में यह ₹732 करोड़ था। दिसंबर 2025 तिमाही के दौरान मैन इंडस्ट्रीज (इंडिया) की ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस में काफी सुधार हुआ।
EBITDA सालाना आधार पर 62% बढ़कर ₹127.7 करोड़ हो गया। एक साल पहले यह ₹79 करोड़ था। EBITDA मार्जिन एक साल पहले के 10.8% से बढ़कर 15.4% हो गया। कंपनी ने कहा है कि आज की तारीख तक उसकी ऑर्डर बुक लगभग ₹4,005 करोड़ की है। ऑर्डर्स को अगले 6 से 12 महीनों में पूरा किया जाएगा, जिससे रेवेन्यू में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
Man Industries (India) का शेयर एक सप्ताह में 24 प्रतिशत मजबूत
Man Industries (India) Ltd का मार्केट कैप 2900 करोड़ रुपये के करीब है। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। शेयर एक सप्ताह में लगभग 24 प्रतिशत चढ़ा है। शेयर का बीएसई पर 52 वीक का एडजस्टेड हाई 490.90 रुपये और एडजस्टेड लो 201.45 रुपये है। नवंबर 2025 में चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने शेयर के लिए ‘बाय’ रेटिंग के साथ 600 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया था। कंपनी का वित्त वर्ष 2025 के दौरान स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 3118.22 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 137.12 करोड़ रुपये रहा था।
MAN Group को 1970 के दशक में मनसुखानी परिवार ने शुरू किया था। इसकी फ्लैगशिप कंपनी, मैन इंडस्ट्रीज (इंडिया) लिमिटेड की शुरुआत 1988 में हुई थी। यह कंपनी बड़े डायमीटर वाले कार्बन स्टील पाइप बनाने और उन पर कोटिंग करने में माहिर है। इसके इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल्टी और ट्रेडिंग सेक्टर में भी वेंचर हैं। MAN Group एनर्जी, माइनिंग और हॉस्पिटैलिटी जैसे प्रमुख सेक्टर्स में भी फैल रहा है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।