
Voda Idea Shares: वित्तीय दिक्कतों से जूझ रही दिग्गज टेलीकॉम कंपनी वोडा आइडिया के शेयरों में आज जोरदार तेजी आई। यह तेजी इसलिए आई क्योंकि प्रमोटर कुमार मंगलम बिड़ला ने बजट के आस-पास अपनी हिस्सेदारी कंपनी में बढ़ा ली। इस खुलासे पर निवेशक चहक उठे और धड़ाधड़ शेयरों की खरीदारी करने लगे जिससे शेयर 3% से अधिक उछल पड़े। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 2.96% की बढ़त के साथ ₹11.46 पर है। इंट्रा-डे में यह 3.68% उछलकर ₹11.54 के भाव (Voda Idea Share Price) तक पहुंच गया था।
Kumar Mangalam Birla ने किस भाव पर खरीदे Voda Idea के शेयर?
कुमार मंगलम बिड़ला ने वोडा आइडिया के शेयरों की खरीदारी ओपन मार्केट में की है। उन्होंने 30 जनवरी यानी बजट पेश होने के ठीक एक कारोबारी दिन पहले से 1 फरवरी यानी बजट पेश होने के दिन ओपन मार्केट में इसे 4.09 करोड़ शेयरों की खरीदारी की। इसमें से 2.21 करोड़ शेयर उन्होंने 30 जनवरी को खरीदे और यह लेन-देन प्रति शेयर ₹10.95 के औसत भाव पर हुआ। वहीं 1 फरवरी को उन्होंने 1.88 करोड़ शेयर और खरीदे और इस बार ₹11.13 के औसत भाव पर लेन-देन हुआ। इन दोनों में जितने शेयरों का लेन-देन हुआ, वह कंपनी की करीब 0.03% हिस्सेदारी के बराबर है।। इससे पहले दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों की बात करें तो कुमार मंगलम बिड़ला की कंपनी में 0.02% हिस्सेदारी थी यानी उनके पास 1.94 करोड़ शेयर थे। वहीं दिसंबर 2025 के आखिरी में कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 25.5% थी।
कैसी है वोडा आइडिया की कारोबारी सेहत?
दिसंबर 2025 तिमाही में वोडा आइडिया का शुद्ध घाटा तिमाही आधार पर ₹5,524 करोड़ से घटकर ₹5,286 करोड़ पर आ गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 1.1% बढ़कर ₹11,323 करोड़ हो गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो इस दौरान ऑपरेटिंग प्रॉफिट 2.8% की बढ़त के साथ ₹4,817 करोड़ और EBITDA मार्जिन सुधरकर 41.8% से 42.5% हो गया। वहीं ग्राहकों के बेहतर प्लान्स में अपग्रेड करने के चलते दिसंबर तिमाही में कंपनी का ARPU यानी कि हर यूजर से होने वाला औसतन रेवेन्यू सालाना आधार पर ₹173 से बढ़कर ₹186 हो गया
एक साल में कैसी रही शेयरों की हालत?
वोडा आइडिया के शेयरों ने पिछले साल निवेशकों की धड़ाधड़ कमाई कराई थी और फटाफट निवेशकों का पैसा डबल कर दिया था। पिछले साल 14 अगस्त 2025 को ₹6.12 पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह चार ही महीने में 109.15% उछलकर 31 दिसंबर 2025 को ₹12.80 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।