
सरकार इस वित्त वर्ष में IDBI Bank में विनिवेश यानि कि हिस्सेदारी बिक्री की प्रक्रिया पूरी करने वाली है। सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया है कि कोटक महिंद्रा बैंक, एमिरेट्स NBD और फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स इस हफ्ते IDBI Bank में 61 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए अपनी फाइनल बिड जमा करने वाले हैं। वर्तमान में केंद्र सरकार के पास IDBI Bank में 45.48 प्रतिशत और लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) के पास 49.24 प्रतिशत हिस्सेदारी है। मामले से जुड़े सूत्रों का कहना है कि एक बिड भेजी गई है, और बाकी बिड्स वीकेंड से पहले आने की उम्मीद है।
बिड्स वित्त मंत्रालय में डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) को दी जाएंगी। सरकार IDBI Bank में अपनी 30.48 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच रही है। अधिकारियों का कहना है कि इससे सरकार को लगभग 33,000 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिलने की उम्मीद है। LIC, बैंक में 30.24 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच रही है।
इससे पहले जनवरी के आखिर में खबर आई थी कि शॉर्ट-लिस्ट किए गए 3 बिडर्स- कोटक महिंद्रा बैंक, एमिरेट्स NBD और फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स को 5 फरवरी तक फाइनल बिड लगाने के लिए कहा गया है। यह बिडिंग IDBI बैंक में 61 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए है।
बिड्स जमा होने के बाद क्या प्रोसेस
सूत्रों का कहना है कि फाइनेंशियल बिड जमा होने के बाद, बिड्स को ट्रांजेक्शन एडवाइजर्स, इंटर-मिनिस्ट्रियल ग्रुप (IMG) के सदस्यों और बिडर्स के ऑथराइज्ड रिप्रेजेंटेटिव्स की मौजूदगी में खोला जाएगा। सिलेक्शन के बाद प्रपोजल IMG के पास उसकी सिफारिश के लिए जाएगा, जिसके बाद वित्त मंत्री से मंजूरी मिलेगी। एक सीनियर अधिकारी का कहना है कि पूरी प्रोसेस वित्त वर्ष 2026 में पूरी हो जाएगी। IMG में डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) और वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के सचिव मौजूद हैं।
1 फरवरी को बजट 2026 पेश होने के बाद बातचीत में, DIPAM सेक्रेटरी अरुणिश चावला ने कहा था कि IDBI Bank का रणनीतिक विनिवेश तीसरे फेज में चला गया है। इसका मतलब है कि टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड्स मंगाई गई हैं। चावला ने कहा था, “चालू वित्त वर्ष के खत्म होने से पहले, हम इस मामले में और जानकारी दे पाएंगे।”
सबसे पहले फरवरी 2020 में आया था हिस्सेदारी बिक्री का प्रपोजल
IDBI Bank में सरकारी हिस्सेदारी की बिक्री का प्रपोजल सबसे पहले फरवरी 2020 में आया था, जब वित्त मंत्री ने वित्त वर्ष 2021 का बजट पेश किया था। लेकिन रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) अक्टूबर 2022 में भेजा गया था। कहा जा रहा है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने 4 इंटरेस्टेड बिडर्स को ‘फिट एंड प्रॉपर’ नजरिए से मंजूरी दे दी है। ये 4 बिडर हैं– कोटक महिंद्रा बैंक, फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स, एमिरेट्स NBD और ओकट्री कैपिटल।
IDBI Bank के शेयर में 6 फरवरी को तेजी है। BSE पर शेयर दिन में 4.4 प्रतिशत तक चढ़कर 107.50 रुपये के हाई तक गया। बैंक का मार्केट कैप 1.14 लाख करोड़ रुपये हो गया है। शेयर एक साल में 32 प्रतिशत बढ़ा है।