Share Market Crash: शेयर बाजार को नहीं पसंद आया बजट! 7 साल की सबसे बड़ी गिरावट, ₹10 लाख करोड़ स्वाहा – share market crash on budget stt disappoints sensex down 1547 points investors wealth falls rs 10 lakh crore



Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में आज यूनियन बजट 2026 आते ही कोहराम मच गया। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 2000 अंकों तक लुढ़क गया। वहीं निफ्टी लुढ़ककर 24,600 के भी नीचे चला गया। यह शेयर बाजार में पिछले 7 सालों की आई सबसे बड़ी गिरावट आई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में फ्यूचर्स और ऑप्शंस (F&O) ट्रेडिंग पर सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ाने का ऐलान किया। इस ऐलान से शेयर बाजार को जबरदस्त शॉक लगा और बाजार में चौतरफा गिरावट देखने को मिली

हालांकि दोपहर बाद के कारोबार में बाजार में थोड़ी रिकवरी देखने को मिली और इंडेक्स कुछ हद तक संभले भी, लेकिन यह तेजी टिक नहीं सकी। कारोबार के आखिरी घंटे में एक बार फिर बिकवाली हावी हो गई। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 1546.84 अंक या 1.88 फीसदी की गिरावट के साथ 80,722.94 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 495.20 अंक या 1.96 फीसदी की गिरावट के साथ 24,825.45 के स्तर पर बंद हुआ।

शेयर बाजार की यह कमजोरी केवल लार्जकैप तक सीमित नहीं रही। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर दबाव और ज्यादा दिखा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 2.2 प्रतिशत गिरा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 2.8 प्रतिशत की तेज गिरावट दर्ज की गई। इससे साफ संकेत मिला कि बजट के बाद निवेशक जोखिम लेने से बचते नजर आए और ब्रॉडर मार्केट में मुनाफावसूली तेज हो गई।

सेक्टरों की बात करें तो आईटी सेक्टर को छोड़कर लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा दबाव मेटल शेयरों में दिखा, जहां मेटल इंडेक्स 3.8 प्रतिशत टूट गया। पीएसयू बैंक इंडेक्स में 4 प्रतिशत की तेज गिरावट आई, जिससे सरकारी बैंकों के शेयरों पर खासा दबाव रहा। ऑयल एंड गैस इंडेक्स 2.7 प्रतिशत फिसला, जबकि कैपिटल गुड्स सेक्टर में करीब 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

निवेशकों के ₹9.90 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 450.12 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 460.02 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब ₹9.90 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब ₹9.90 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के इन 4 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 4 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टीसीएस (TCS) के शेयरों में 1.92 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद सन फार्मा (Sun Pharma), टाइटन (Titan) और इंफोसिस (Infosys) के शेयर 0.15 फीसदी से लेकर 0.95 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 26 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का शेयर 5.61 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic), एनटीपीसी (NTPC) और आईटीसी (ITC) के शेयरों में 3.91 फीसदी से लेकर 5.53 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,367 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,309 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,758 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,379 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 172 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 68 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 253 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Story continues below Advertisement



Source link

Scroll to Top