Nifty Outlook: 1 फरवरी को बजट के दिन कैसी रहेगी निफ्टी की चाल, जानिए एक्सपर्ट से – nifty outlook on budget day 1 february expert view on market direction and key levels



Nifty Outlook: केंद्रीय बजट 2026 के लिए 1 फरवरी को होने वाले स्पेशल रविवार ट्रेडिंग सेशन से पहले निवेशकों में सतर्कता दिखी। इसी वजह से शुक्रवार को निफ्टी 50 की तीन सत्रों की तेजी थम गई। कंसोलिडेशन के बीच मुनाफावसूली हावी रही और इंडेक्स 25,350 के स्तर से नीचे बंद हुआ।

बजट के दिन रविवार, 1 फरवरी को निफ्टी की चाल कैसी रहेगी, इसे एक्सपर्ट से समझेंगे। लेकिन, पहले जान लेते हैं कि शुक्रवार के कारोबारी सत्र में क्या खास हुआ था और अब निवेशकों की नजर किन फैक्टर पर रहेगी।

उतार-चढ़ाव भरा रहा कारोबारी सत्र

निफ्टी ने शुक्रवार को 171 अंकों की गैप-डाउन शुरुआत की, लेकिन शुरुआती कारोबार में कुछ रिकवरी देखने को मिली। इसके बाद इंडेक्स पूरे सत्र में सीमित दायरे में ही घूमता रहा।

मिड से लेट ट्रेड के दौरान बाजार में उछाल को आगे बढ़ाने की कोशिश हुई, लेकिन निफ्टी ऊपरी स्तरों को बरकरार नहीं रख सका। आखिरकार इंडेक्स 98 अंक टूटकर 25,320 पर बंद हुआ।

हालांकि दिन की गिरावट के बावजूद, छुट्टियों के कारण छोटे रहे इस हफ्ते में निफ्टी कुल मिलाकर 1.10% की बढ़त दर्ज करने में कामयाब रहा।

किन शेयरों ने दिया सहारा, किनसे दबाव

निफ्टी में Nestle India, Tata Consumer Products और Apollo Hospitals टॉप गेनर्स रहे। वहीं मेटल सेक्टर की दिग्गज कंपनियां Hindalco, Tata Steel और Coal India इंडेक्स पर सबसे बड़ा बोझ बनीं।

सेक्टोरल स्तर पर बाजार का रुख मिला-जुला रहा। मेटल्स, IT और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। इसके उलट मीडिया, FMCG और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर ने बेहतर प्रदर्शन किया।

निफ्टी मेटल इंडेक्स 5% से ज्यादा टूट गया, जो 7 अप्रैल 2025 के बाद की सबसे बड़ी एक-दिवसीय गिरावट है। यह गिरावट ग्लोबल कमोडिटी बाजार में आई तेज बिकवाली के बाद देखने को मिली।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कॉपर और एल्युमिनियम फ्यूचर्स 6% से ज्यादा टूटे, जबकि सोना 7% और चांदी 15% तक फिसल गई। इसी का सीधा असर भारतीय मेटल शेयरों पर पड़ा।

ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप 100 में हल्की मुनाफावसूली दिखी और यह 0.2% फिसला। वहीं स्मॉलकैप 100 ने बाजार के रुख के उलट 0.32% की बढ़त के साथ सत्र का अंत किया।

बजट से पहले बाजार का मूड

बजट से पहले बाजार का मूड सतर्क बना हुआ है। फ्रंटलाइन इंडेक्स अपने ऊपरी स्तरों से नीचे कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 4% नीचे है, निफ्टी बैंक में 1.5% की गिरावट आई है और निफ्टी IT इंडेक्स 17% तक टूट चुका है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज अपने हाई से करीब 13% नीचे है। वहीं मिडकैप इंडेक्स 5% और निफ्टी नेक्स्ट 50 करीब 13% नीचे कारोबार कर रहा है। स्मॉलकैप इंडेक्स भी अपने उच्च स्तर से 14% फिसल चुका है।

रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है और पिछले बजट के बाद से डॉलर के मुकाबले 5.5% टूट चुका है। डॉलर के लिहाज से देखें तो निफ्टी अपने हाई से करीब 6% नीचे है।

अगले हफ्ते किन आंकड़ों पर रहेगी नजर

वीकेंड के दौरान स्टॉक-स्पेसिफिक एक्शन देखने को मिल सकता है, क्योंकि शनिवार को Sun Pharma, Bharat Dynamics, GAIL, Delhivery और IDFC First Bank जैसी कंपनियां अपने तिमाही नतीजे घोषित कर रही हैं।

आने वाले हफ्ते में निवेशकों की नजर ऑटो कंपनियों की मासिक बिक्री, जनवरी के GST कलेक्शन और शुक्रवार की तेज गिरावट के बाद मेटल कीमतों की चाल पर रहेगी।

ग्लोबल बाजारों का हाल

ग्लोबल स्तर पर वॉल स्ट्रीट में लगातार दूसरे सत्र में गिरावट दर्ज की गई। टेक शेयरों में बिकवाली के चलते नैस्डैक करीब 1% टूट गया। S&P 500 इंडेक्स 0.4% गिरा, जो इस हफ्ते की शुरुआत में 7,000 का स्तर पार करने के बाद आई कमजोरी को आगे बढ़ाता है।

कमोडिटी बाजारों में जबरदस्त अस्थिरता देखने को मिली। 30 जनवरी को स्पॉट सिल्वर की कीमतें 37% टूट गईं, जो अब तक की सबसे बड़ी एक-दिन की गिरावट है। वहीं फ्यूचर्स में 31% की गिरावट आई, जो मार्च 1980 के बाद की सबसे तेज गिरावट मानी जा रही है।

सोना-चांदी में ऐतिहासिक गिरावट

हफ्ते की शुरुआत में 120 डॉलर से ऊपर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद चांदी एक ही सत्र में गिरकर 84 डॉलर पर आ गई। सोने की कीमतों में भी 12% तक की गिरावट आई।

इसकी वजह मजबूत होता अमेरिकी डॉलर और फेडरल रिजर्व की स्वतंत्रता को लेकर चिंताओं में कमी मानी जा रही है, खासकर केविन वार्श के नामांकन के बाद। इससे 1980 के दशक की शुरुआत के बाद की सबसे बड़ी बुलियन बिकवाली देखने को मिली।

निफ्टी पर एक्सपर्ट की राय

HDFC Securities के नागराज शेट्टी का कहना है कि निफ्टी इस वक्त एक अहम रेजिस्टेंस जोन के पास कंसोलिडेशन में है। बाजार अब 1 फरवरी, रविवार को संसद में पेश होने वाले यूनियन बजट 2026 से किसी बड़े संकेत का इंतजार कर रहा है।

उनके मुताबिक, बजट का नतीजा निफ्टी को ऊपर या नीचे, किसी भी दिशा में नई चाल दे सकता है। फिलहाल इंडेक्स के लिए 25,200 का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है। अगर निफ्टी 25,450 से 25,500 के जोन के ऊपर टिकने में कामयाब रहता है, तो इसमें तेज तेजी देखने को मिल सकती है।

इसी तरह की राय SBI Securities के सुदीप शाह ने भी जताई है। उन्होंने कहा कि पिछले छह कारोबारी सत्रों में कई बार कोशिश के बावजूद निफ्टी 25,450-25,500 के रेजिस्टेंस जोन के ऊपर मजबूत क्लोजिंग नहीं दे पाया है।

सुदीप शाह के मुताबिक, अगर इस रेंज के ऊपर साफ ब्रेकआउट मिलता है, तो निफ्टी पहले 25,650 और उसके बाद निकट अवधि में 25,800 तक जा सकता है।

Stocks to Watch: रविवार 1 फरवरी को फोकस में रहेंगे ये 13 स्टॉक्स, दिख सकती है बड़ी हलचल

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।



Source link

Scroll to Top