
Stocks to Watch on Budget Day: शेयर बाजार की नजरें अब रविवार 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट पर टिकी है। बजट के चलते रविवार को छुट्टी के दिन भी शेयर बाजार खुला रहेगा। बजट के दिन निवेशक केवल इनकम टैक्स स्लैब या बड़े आंकड़ों पर नहीं, बल्कि इस बात पर ज्यादा ध्यान देते हैं कि सरकार के फैसले मांग, कैश फ्लो और सरकारी खर्च को कैसे प्रभावित करेंगे। यही वजह है कि बजट के आसपास कुछ खास सेक्टर और शेयर निवेशकों के रडार पर आ जाते हैं।
बजट के दिन पर किन थीम्स और स्टॉक्स पर फोकस रह सकता है, आइए इसे समझने की कोशिश करते हैं-
1. टैक्स कटौती और कंजम्प्शन शेयरों पर असर
अगर बजट में इनकम टैक्स में राहत, टैक्स छूट की सीमा बढ़ाने या रिबेट बढ़ाने जैसे कदम उठाए जाते हैं, तो लोगों के हाथ में खर्च करने के लिए ज्यादा पैसा बचता है। इससे गैर-जरूरी खर्च यानी डिस्क्रिशनरी खपत बढ़ती है।
इसका सीधा फायदा ऑटोमोबाइल, लाइफस्टाइल, ज्वेलरी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑर्गनाइज्ड रिटेल कंपनियों को मिलता है। Indmoney की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे समय में निवेशकों की नजरें आमतौर पर Maruti Suzuki, Tata Motors, Mahindra & Mahindra, Titan, Kalyan Jewellers, Havells, Voltas, Trent और Avenue Supermarts जैसे शेयरों पर रहती है।
2. सरकारी कैपेक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर स्टॉक्स
हर बजट का एक बड़ा हिस्सा सरकार के पूंजीगत खर्च यानी कैपेक्स पर होता है। सड़क, रेलवे, मेट्रो, पोर्ट, बिजली और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर पर ज्यादा खर्च का मतलब है नई परियोजनाएं और बड़े ऑर्डर। Indmoney की रिपोर्ट के मुताबिक, इस थीम के तहत लार्सन एंड टुब्रो (L&T), Siemens, ABB India, UltraTech Cement, Shree Cement, Adani Ports और IRB Infrastructure जैसे शेयर चर्चा में रहते हैं।
3. डिफेंस बजट और इस सेक्टर के शेयर
डिफेंस सेक्टर में बजट आवंटन का असर सीधा और तेज होता है। अगर डिफेंस सेक्टर का बजट उम्मीद से ज्यादा रहता है, तो घरेलू रक्षा कंपनियों के लिए नए ऑर्डर की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि बजट के दौरान आमतौर पर Hindustan Aeronautics, Bharat Electronics, Bharat Dynamics और Mazagon Dock Shipbuilders जैसे डिफेंस शेयरों पर निवेशकों की नजरें रहती है।
4. रेलवे पर फोकस और रेलवे से जुड़े स्टॉक्स
रेलवे भी बजट का एक बड़ा आकर्षण रहता है। ट्रैक विस्तार, इलेक्ट्रिफिकेशन, वंदे भारत ट्रेनें, सिग्नलिंग और रोलिंग स्टॉक पर ज्यादा खर्च रेलवे कंपनियों को फायदा पहुंचाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस थीम में IRCTC, Rail Vikas Nigam, IRCON International और Titagarh Rail Systems जैसे शेयर बजट के दिन सुर्खियों में बने रहते हैं।
5. ग्रीन एनर्जी और एनर्जी ट्रांजिशन
रिन्यूएबल एनर्जी और ग्रीन ट्रांजिशन अब बजट का स्थायी हिस्सा बन चुके हैं। सोलर, विंड, ईवी चार्जिंग और बैटरी स्टोरेज से जुड़े ऐलान निवेशकों के लिए अहम होते हैं। इसी संदर्भ में NTPC, Power Grid, Tata Power, Adani Green Energy और Suzlon Energy जैसे शेयर चर्चा में रहते हैं। सरकारी इनसेंटिव से इन कंपनियों की लंबी अवधि की मांग मजबूत होती है।
6. हाउसिंग और रियल एस्टेट थीम
अगर बजट में अफोर्डेबल हाउसिंग, होम लोन ब्याज पर छूट या शहरी विकास से जुड़े कदम आते हैं, तो रियल एस्टेट और उससे जुड़े सेक्टर को फायदा होता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस थीम में DLF, Godrej Properties, Prestige Group के साथ-साथ सीमेंट कंपनियां जैसे UltraTech Cement और Ambuja Cements भी इनडायरेक्ट टैक्स से सीधे लाभ में रहती हैं।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।