
Market News : फरवरी सीरीज के पहले दिन, बाजार के लिए ठीक-ठाक संकेत हैं। गिफ्ट निफ्टी में हल्की बढ़त देखने को मिल रही है। FIIs की कैश में 3000 करोड़ की बिकवाली हुई है। लेकिन DIIs ने करीब तीन गुना खरीदारी की है। एशिया में दबाव है,उधर कल अमेरिका में डाओ जोंस 400 प्वाइंट की गिरावटके साथ बंद हुआ था। लेकिन S&P नए शिखर पर जाता दिखा था। नैस्डैक में भी करीब एक फीसदी की तेजी आई थी। करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूचि जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
अमेरिकी बाजार
मंगलवार को डाओ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 408.99 अंक या 0.83% गिरकर 49,003.41 पर आ गया, S&P 500 28.37 अंक या 0.41% बढ़कर 6,978.60 पर पहुंच गया और नैस्डैक कंपोजिट 215.74 अंक या 0.91% बढ़कर 23,817.10 पर पहुंच गया।
क्रूड में 3% का उछाल, नए शिखर पर सोना
अमेरिका में बर्फीले तूफान से प्रोडक्शन पर असर पड़ने से क्रूड में 3% का उछाल देखने को मिला है। इसका भाव 67 डॉलर के पार निकल गया है। उधर डॉलर इंडेक्स के 4 साल के निचले स्तर पर पहुंचने से सोने-चांदी की चमक बढ़ी है। सोना 5200 डॉलर के करीब पहुंचकर नए शिखर पर चला गया है। चांदी में भी रफ्तार जारी है।
मैरिको के Q3 नतीजे अनुमान के मुताबिक
तीसरी तिमाही में मैरिको के नतीजे अनुमान के मुताबिक रहे हैं। कंपनी के मुनाफे में 13 परसेंट तो आय में 27 परसेंट की बढ़ोतरी देखने को मिली है। लेकिन मार्जिन पर करीब ढाई परसेंट का दबाव रहा है। भारतीय मार्केट में वॉल्यूम ग्रोथ 8% रही है। मैनेजमेंट के मुताबिक कंजम्प्शन ट्रेंड में रिकवरी के संकेत दिख रहे हैं।
Q3 में वोडाफोन का कम हुआ घाटा
पिछली तिमाही के मुकाबले Vodafone Idea को कम घाटा हुआ है। कंपनी को Q3 में 5,286 करोड़ का घाटा हुआ है। कंसो घाटे में 1078 करोड़ रुपए की एकमुश्त आय भी शामिल है। वहीं रेवेन्यू में एक परसेंट की बढ़त दिखी है। ARPU 7 परसेंट से ज्यादा बढ़कर 186 रुपए हो गया है।
निफ्टी की 4 कंपनियों के नतीजे आज
नतीजों के लिहाज से आज बड़ा दिन है। आज निफ्टी की 4 कंपनियों L&T, MARUTI, BEL और SBI LIFE के रिजल्ट आएंगे। L&T का मुनाफा 31% बढ़ सकता है। मार्जिन में भी सुधारदिख सकता है। वहीं TVS मोटर, SBI कार्ड समेत वायदा की 5 कंपनियों के नतीजों का भी इंतजार रहेगा।
फंड फ्लो एक्शन
27 जनवरी को, विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) इक्विटी मार्केट में नेट सेलर रहे, उन्होंने 3,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने लगभग 9,000 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर मज़बूत सपोर्ट दिया।