Vodafone Idea Q3 Results: वोडाफोन आइडिया घाटा घटा, रेवेन्यू और EBITDA में सुधार; शेयरों पर रहेगी नजर – vodafone idea q3 results loss narrows to rs 5286 crore arpu rises to rs 186 ebitda margin improves share price in focus



Vodafone Idea Q3 Results: टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea Ltd) ने दिसंबर तिमाही (Q3) में अपने वित्तीय मोर्चे पर धीरे-धीरे सुधार के संकेत दिए हैं। बेहतर ARPU और ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस के चलते कंपनी का घाटा पिछली तिमाही के मुकाबले कम हुआ है, हालांकि चुनौतियां अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं।

घाटा घटा, रेवेन्यू और EBITDA में सुधार

Vodafone Idea ने Q3 में ₹5,286 करोड़ का शुद्ध घाटा दर्ज किया, जो पिछली तिमाही के ₹5,524 करोड़ के नुकसान से कम है। तिमाही आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 1.1% बढ़कर ₹11,323 करोड़ हो गया।

वहीं EBITDA 2.8% की बढ़त के साथ ₹4,817 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान EBITDA मार्जिन भी सुधरकर 41.8% से 42.5% हो गया।

ARPU में बढ़त, 4G-5G यूजर्स बढ़े

दिसंबर तिमाही में कंपनी का ARPU बढ़कर ₹186 हो गया, जो एक साल पहले ₹173 था। यानी सालाना आधार पर 7.3% की बढ़त दर्ज की गई, जिसका मुख्य कारण ग्राहकों का बेहतर प्लान्स में अपग्रेड करना रहा।

कंपनी का कुल सब्सक्राइबर बेस 19.29 करोड़ रहा। इसमें 4G और 5G यूजर्स की संख्या बढ़कर 12.85 करोड़ हो गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 12.6 करोड़ थी।

कैपेक्स और फंड जुटाने की स्थिति

दिसंबर तिमाही में Vodafone Idea का कैपिटल एक्सपेंडिचर ₹2,252 करोड़ रहा। FY26 के पहले नौ महीनों में कुल कैपेक्स ₹6,448 करोड़ तक पहुंच गया।

31 दिसंबर 2025 तक कंपनी का बैंक कर्ज ₹1,126 करोड़ था। तिमाही के दौरान कंपनी ने नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (NCDs) के जरिए ₹3,300 करोड़ जुटाए। वहीं कैश और बैंक बैलेंस ₹6,963 करोड़ रहा।

AGR से पहले NCD फंडिंग

वोडाफोन आइडिया ने बताया कि NCD के जरिए फंड जुटाना AGR मामले में स्पष्टता से पहले ही पूरा कर लिया गया था, जो लेंडर्स के भरोसे को दिखाता है।

Vodafone Group, CLAM रिसीवेबल्स के ₹6,394 करोड़ के क्लोजर में भी सहयोग कर रहा है। AGR भुगतान अब इसकी पूर्व-शर्त नहीं है। इस रकम में से करीब ₹2,300 करोड़ अगले 12 महीनों में मिलने की उम्मीद है।

AGR देनदारी का पूरा शेड्यूल

Vodafone Idea के मुताबिक 31 दिसंबर 2025 तक कंपनी की AGR देनदारी ₹87,695 करोड़ पर फ्रीज है, हालांकि इसका पुनर्मूल्यांकन जारी है। FY26 से FY31 तक कंपनी को हर साल ₹124 करोड़ का भुगतान करना होगा।

इसके बाद FY32 से FY35 तक सालाना ₹100 करोड़ का भुगतान तय है। बची हुई राशि FY36 से FY41 के बीच छह बराबर किस्तों में चुकाई जाएगी।

वोडाफोन के शेयर का हाल

नतीजों के ऐलान से पहले Vodafone Idea का शेयर NSE पर 0.40% की गिरावट के साथ ₹9.89 पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने में स्टॉक 17.31% नीचे आया है। हालांकि, पिछले 6 महीने में स्टॉक ने 38.71% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 1.07 लाख करोड़ रुपये है।

Stocks to Watch: बुधवार 28 जनवरी को फोकस में रहेंगे ये 13 स्टॉक्स, दिख सकती है बड़ी हलचल

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top