Oracle Financial की धमाकेदार दिसंबर तिमाही, चहके निवेशक तो 4% उछले शेयर – oracle financial share price jumps over 4 percent after revenue growth returns to double digits after four quarters



Oracle Financial Share Price: फाइनेंशियल और इंश्योरेंस टेक्नोलॉजी कंपनी ओरेकल कॉरपोरेशन की भारतीय सब्सिडरी ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर के शेयर आज रॉकेट बन गए। चार तिमाहियों में पहली बार कंपनी की रेवेन्यू दोहरे अंकों में बढ़ी। दिसंबर 2025 तिमाही के धमाकेदार नतीजे पर इसके शेयरों की चमक बढ़ गई और यह 4% से अधिक उछल पड़ा। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 2.73% के उछाल के साथ ₹7888.00 के भाव पर है। इंट्रा-डे में यह 4.32% की बढ़त ₹8010.00 तक पहुंच गया था।

Oracle Financial के लिए कैसी रही दिसंबर तिमाही?

चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 में ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर का रेवेन्यू सालाना आधार पर 15% बढ़कर ₹1,966 करोड़ पर पहुंच गया। तिमाही आधार पर इसमें 10% की तेजी आई। चार तिमाहियों में यह पहली बार है, जब इसकी रेवेन्यू ग्रोथ दोहरे अंकों में रही। कंपनी के शुद्ध मुनाफे की बात करें तो दिसंबर 2025 तिमाबी में सालाना आधार पर यह ₹541.3 करोड़ से 12.12% उछलकर ₹606.9 करोड़ पर पहुंच गया। खास बात ये है कि कंपनी के सीएफओ अवधूत केतकर के मुताबिक नए लेबर कोड्स के लागू होने के बाद इससे जुड़े खर्चों के बावजूद कंपनी का नेट प्रॉफिट मार्जिन दिसंबर 2025 तिमाही में 31% रहा।

ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर के एमडी और सीईओ (सीएमडी) मकरंद पदलकर (Makarand Padalkar) का कहना है कि मजबूत एग्जीक्यूशन और नए स्ट्रैटेजिक कस्टमर विन के दम पर दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 15% की रफ्तार से बढ़ा। कंपनी की ऑपरेटिंग इनकम 14% उछलकर ₹797 करोड़ पर पहुंच गई।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर के शेयर पिछले साल 23 जनवरी 2025 को ₹10,226.95 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस हाई से यह तीन ही महीने में 31% फिसलकर 7 अप्रैल 2025 को ₹7,057.70 पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। अब आगे की बात करें तो इंडमनी पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसे सिर्फ एक ही एनालिस्ट कवर कर रहा है और उसने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस ₹10,280 पर फिक्स किया है।

कंपनी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों के हिसाब से इसमें 72.46% हिस्सेदारी प्रमोटर्स की है। वहीं बाकी 27.54% पब्लिक शेयरहोल्डिंग में से 5.81% हिस्सेदारी 31 म्यूचुअल फंड्स के पास है जिसमें 3.07% हिस्सेदारी तो अकेले कोटक निफ्टी आईटी ईटीएफ की है। साथ ही एलआईसी की इसमें 1.85% होल्डिंग है तो ₹2 लाख तक की निवेश वाले 1,31,971 खुदरा निवेशकों की इसमें 7.28% हिस्सेदारी है। कंपनी में विदेशी निवेशकों की 8.36% हिस्सेदारी है।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।



Source link

Scroll to Top