Q3 Results: मुनाफा 147% बढ़ा, रेवेन्यू में भी रिकॉर्ड उछाल; फोकस में रहेगा डेटा सेंटर कंपनी का स्टॉक – netweb technologies q3 results profit jumps 147 percent revenue hits record high ai data center stock in focus



Q3 Results: AI सिस्टम्स और डेटा सेंटर से जुड़ी टेक कंपनी Netweb Technologies India ने दिसंबर तिमाही (Q3 FY26) में अब तक का सबसे शानदार तिमाही प्रदर्शन किया है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा (PAT) सालाना आधार पर 146.7 प्रतिशत बढ़कर ₹73.31 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में मुनाफा ₹29.72 करोड़ था। तिमाही आधार पर भी मुनाफा 133.2 प्रतिशत बढ़ा, जो सितंबर तिमाही के ₹31.43 करोड़ से कहीं ज्यादा है।

रेवेन्यू में भी जबरदस्त उछाल

दिसंबर तिमाही में कंपनी की ऑपरेटिंग इनकम ₹804.93 करोड़ रही। यह आंकड़ा सालाना आधार पर 141 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 165 प्रतिशत की तेज बढ़त दिखाता है। कुल इनकम ₹811.56 करोड़ रही, जबकि Q3 FY25 में यह ₹335.55 करोड़ थी। यह ग्रोथ मजबूत ऑर्डर बुक और बेहतर प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन की तस्वीर पेश करती है। दिसंबर 2025 के अंत तक कंपनी का शुद्ध कर्ज ₹190.08 करोड़ रहा।

मार्जिन पर हल्का दबाव

Q3 FY26 में कंपनी का ऑपरेटिंग EBITDA सालाना आधार पर 127.1 प्रतिशत बढ़कर ₹97.95 करोड़ पहुंच गया। हालांकि EBITDA मार्जिन 12.2 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 12.9 प्रतिशत से थोड़ा कम है। तिमाही आधार पर EBITDA 115.4 प्रतिशत बढ़ा, लेकिन मार्जिन सितंबर तिमाही के 15 प्रतिशत से घटा है।

9 महीनों में भी दमदार ग्रोथ

अप्रैल से दिसंबर 2025 की अवधि में Netweb Technologies का कुल मुनाफा ₹135.22 करोड़ रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के ₹71.14 करोड़ से 90.1 प्रतिशत ज्यादा है। इस दौरान कंपनी की ऑपरेटिंग इनकम भी सालाना आधार पर 92 प्रतिशत बढ़कर ₹1,409.86 करोड़ पहुंच गई।

AI सिस्टम्स से बढ़ी कमाई

Netweb Technologies की कमाई में AI Systems सेगमेंट का सबसे बड़ा योगदान रहा। दिसंबर तिमाही में कुल रेवेन्यू का करीब 64.2 प्रतिशत AI Systems से आया। वहीं, नौ महीनों की अवधि में इसका योगदान 47.6 प्रतिशत रहा। इससे साफ है कि AI और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग से जुड़े प्रोडक्ट्स कंपनी की ग्रोथ के मुख्य ड्राइवर बने हुए हैं।

Netweb के शेयरों का हाल

Netweb Technologies का शेयर शुक्रवार, 16 जनवरी को 5.97% बढ़कर 3,377.90 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक ने 74.57% का रिटर्न दिया है। वहीं, 1 साल में इसने 44.46% रिटर्न दिया है। 2023 में शेयर मार्केट में एंट्री के बाद से स्टॉक 275.97% चढ़ चुका है। कंपनी का मार्केट कैप 18.88 हजार करोड़ रुपये है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top