HBL Engineering में जबरदस्त बिकवाली, शेयर 9% लुढ़का; किस कारण धड़ाधड़ पैसा निकाल रहे निवेशक – hbl engineering shares tumbled as much as 14 percent after company failed to secure a large kavach tender for locomotive safety systems



16 जनवरी को HBL इंजीनियरिंग लिमिटेड के शेयर में दिन में 13.6 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर कीमत 758.30 रुपये के लो तक चली गई। बाद में शेयर 9 प्रतिशत गिरावट के साथ 797.70 रुपये पर सेटल हुआ। दरअसल कंपनी ने जानकारी दी है कि वह लोकोमोटिव सेफ्टी सिस्टम के लिए एक बड़ा कवच टेंडर हासिल करने में नाकाम रही। इसके चलते शेयर में बिकवाली का भारी दबाव है। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि हाल ही में चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (CLW) कवच टेंडर में 6,300 लोकोमोटिव यूनिट्स के लिए HBL को कोई ऑर्डर नहीं मिला।

कंपनी ने साफ किया कि 18 दिसंबर, 2025 को एक्सचेंजों को दी गई उसकी पिछली जानकारी सिर्फ कवच लोकोमोटिव बिजनेस से जुड़ी थी। इसमें कवच स्टेशन सेगमेंट शामिल नहीं था। HBL ने कहा कि चालू वर्ष के लिए कवच लोकोमोटिव की कुल मांग CLW टेंडर के नतीजे के बाद घटकर 12,129 यूनिट्स रह गई है। पहले यह 18,429 यूनिट थी। इस बची हुई मांग में से कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 के दौरान लोकोमोटिव से संबंधित कवच बिजनेस में उसे कम से कम 1000 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिलेगा। इसमें से कुछ वित्त वर्ष 2028 में भी जारी रहेगा।

कवच स्टेशन बिजनेस के मामले में HBL के पास जो ऑर्डर हैं, उनमें से 900 करोड़ रुपये का इनवॉइस वित्त वर्ष 2027 के दौरान जनरेट होने की उम्मीद है। अतिरिक्त 400 करोड़ रुपये का बिल वित्त वर्ष 2028 में रहने की संभावना है। कंपनी ने आगे कहा कि वित्त वर्ष 2027 के दौरान स्टेशन से संबंधित और भी कवच ​​टेंडर आने की उम्मीद है। कुल मिलाकर HBL का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 में कवच से संबंधित बिक्री कम से कम 1900 करोड़ रुपये होगी। इसमें लोकोमोटिव यूनिट्स से लगभग 1000 करोड़ रुपये और स्टेशन प्रोजेक्ट्स से 900 करोड़ रुपये शामिल हैं। वित्त वर्ष 2026 के लिए, कंपनी को कुल कवच बिक्री लगभग 1,880 करोड़ रुपये की रहने की उम्मीद है।

HBL Engineering का शेयर 6 महीनों में 31 प्रतिशत मजबूत

कंपनी का मार्केट कैप घटकर 22100 करोड़ रुपये रह गया है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। शेयर 6 महीनों में 31 प्रतिशत चढ़ा है। 5 साल में इसका रिटर्न 2100 प्रतिशत है। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 59.11 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। HBL इंजीनियरिंग के लिस्टेड कॉम्पिटीटर्स में सुब्रोस लिमिटेड, ESAB India Ltd, INOX India Ltd शामिल हैं।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top