
L&T टेक्नोलॉजी सर्विसेज (LTTS) के शेयरों में 16 जनवरी को गिरावट है। बीएसई पर शेयर पिछले बंद भाव से लगभग 5 प्रतिशत तक टूटकर 4035.90 रुपये के लो तक गया। गिरावट की वजह कंपनी के दिसंबर 2025 तिमाही के उम्मीद से कमजोर नतीजे हैं। इनके सामने आने के बाद ब्रोकरेज ने शेयर के लिए टारगेट प्राइस घटा दिया है। LTTS ने कुछ कम मार्जिन वाले क्लाइंट्स के साथ कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू न करने का फैसला किया है। कंपनी अब प्रॉफिटेबिलिटी बेहतर बनाने की रणनीति की ओर मुड़ रही है।
अक्टूबर—दिसंबर 2025 तिमाही में LTTS का ऑपरेशंस रेवेन्यू सालाना आधार पर 10 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 2923 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले रेवेन्यू 2653 करोड़ रुपये था। EBIT मार्जिन 14.6% रहा। कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 303 करोड़ रुपये पर आ गया। कंपनी का कहना है कि लेबर कोड्स के असर को निकाल दें तो मुनाफा सालाना आधार पर 2 प्रतिशत बढ़कर 329 करोड़ रुपये हो गया। दिसंबर 2024 तिमाही में मुनाफा 322 करोड़ रुपये था।
LTTS ने वित्त वर्ष 2026 के लिए अपना गाइडेंस कम कर दिया है। पहले कंपनी ने रेवेन्यू में डबल-डिजिट कॉन्स्टेंट-करेंसी ग्रोथ का अनुमान जताया था। लेकिन अब मिड-सिंगल-डिजिट ग्रोथ पर आ गई है। कंपनी अब रेवेन्यू बढ़ाने के बजाय मार्जिन में सुधार को प्राथमिकता दे रही है।
HSBC ने LTTS पर टारगेट घटाया
ब्रोकरेज फर्म HSBC ने LTTS के शेयर पर ‘होल्ड’ रेटिंग दी हुई है। प्राइस टारगेट घटाकर 4745 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि बिजनेस रीकैलिब्रेशन के कारण दिसंबर तिमाही की परफॉरमेंस निराशाजनक रही। गाइडेंस में बदलाव का मतलब वित्त वर्ष 2026 में ऑर्गेनिक रेवेन्यू में गिरावट है। HSBC ने आगे कहा कि मीडियम-टर्म के लिए मार्जिन टारगेट में बदलाव न किया जाना रीकैलिब्रेशन के फायदों पर सवाल उठाता है। वित्त वर्ष 2027 की ग्रोथ की उम्मीदें भी उत्साहजनक नहीं हैं।
नोमुरा ने स्टॉक पर अपनी ‘रिड्यूस’ रेटिंग और 3900 रुपये का प्राइस टारगेट बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने कहा कि रीस्ट्रक्चरिंग के कारण दिसंबर तिमाही के रेवेन्यू में भारी कमी आई। इसका असर बिजनेस के लगभग 5% के बराबर होने का अनुमान है। हालांकि, नोमुरा ने मजबूत डील जीतने और एक मजबूत पाइपलाइन को ध्यान में रखते हुए उम्मीद जताई है कि FY26-28 के दौरान कंपनी के EBIT मार्जिन में लगातार सुधार होगा।
JPMorgan ने LTTS स्टॉक पर ‘न्यूट्रल’ रेटिंग के साथ 4,650 रुपये का प्राइस टारगेट दिया है। LTTS पर कवरेज करने वाले 32 एनालिस्ट में से 11 ने ‘बाय’ रेटिंग दी है। 12 ने ‘होल्ड’ की सलाह दी है, जबकि 9 अन्य ने स्टॉक पर ‘सेल’ की सलाह दी है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।