Ola Electric लाई खास बैटरी सिस्टम, AC से सिंचाई पंप तक सब चलेगा; इन्वर्टर-जेनरेटर का बताया विकल्प – ola electric launches ola shakti home battery system to power acs and farm pumps as inverter and generator alternative



ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric Mobility Limited) ने सोमवार को तमिलनाडु के कृष्णागिरी स्थित अपनी गीगाफैक्ट्री से अपना पहला रेजिडेंशियल बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) लॉन्च किया। इस सिस्टम का नाम Ola शक्ति रखा गया है।

भाविश अग्रवाल के मालिकाना हक वाली कंपनी के मुताबिक, यह कदम उसके स्वदेशी 4680 भारत सेल प्लेटफॉर्म को बड़े स्तर पर अपनाने की दिशा में है। इससे Ola Electric की मौजूदगी ऑटोमोबाइल सेक्टर से आगे ऊर्जा स्टोरेज तक फैलती है। Ola शक्ति के लिए बुकिंग कंपनी की वेबसाइट पर ₹999 के साथ शुरू हो चुकी है।

ऑटो सेक्टर से एनर्जी स्टोरेज पर फोकस

Ola Electric ने कहा कि Ola शक्ति का लॉन्च कंपनी की नई रणनीति को दिखाता है। इसमें वह सिर्फ इलेक्ट्रिक व्हीकल्स तक सीमित न रहना चाहती, बल्कि एनर्जी स्टोरेज जैसे उभरते सेक्टर में भी अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। कंपनी का दावा है कि Ola शक्ति भारत का पहला ऐसा रेजिडेंशियल BESS है, जिसे पूरी तरह देश में ही डिजाइन, इंजीनियर और मैन्युफैक्चर किया गया है।

यह सिस्टम घरों, खेतों और छोटे कारोबारों के लिए तैयार किया गया है। इसे पोर्टेबल, जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल होने वाले एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशन के तौर पर पेश किया गया है।

इन्वर्टर और डीजल जेनरेटर का विकल्प

ओला इलेक्ट्रिक के मुताबिक, Ola शक्ति को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह पारंपरिक लेड-एसिड इन्वर्टर और डीजल जेनरेटर का भरोसेमंद विकल्प बन सके। इसमें ऑटोमोटिव-ग्रेड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। सिस्टम में जीरो मिलीसेकंड का इंस्टेंट चेंजओवर मिलता है, यानी बिजली जाते ही बिना किसी देरी के बैकअप शुरू हो जाता है।

यह 200V से 240V के इनपुट वोल्टेज रेंज पर काम करता है। इसमें IP67 रेटेड, स्पिल-प्रूफ बैटरियां लगी हैं, जो धूल, पानी और मानसून जैसी परिस्थितियों को झेलने में सक्षम हैं। Ola Electric का दावा है कि इस सिस्टम की रनिंग और मेंटेनेंस कॉस्ट शून्य है।

डिजिटल फीचर्स और रीयल-टाइम मॉनिटरिंग

Ola शक्ति कंपनी के कोर टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इसमें ऐसे डिजिटल फीचर्स दिए गए हैं, जिनकी मदद से यूजर रीयल-टाइम में बैटरी की स्थिति और एनर्जी फ्लो को मॉनिटर कर सकते हैं। यह सिस्टम यूजर के इस्तेमाल के पैटर्न को समझता है और एनर्जी एफिशिएंसी बढ़ाने के साथ-साथ खर्च कम करने से जुड़े इनसाइट्स भी देता है।

चार कॉन्फिगरेशन में मिलेगा Ola शक्ति

Ola शक्ति को चार अलग-अलग कॉन्फिगरेशन में पेश किया गया है- 1kW/1.5kWh, 1kW/3kWh, 3kW/5.2kWh और 6kW/9.1kWh। कॉन्फिगरेशन के हिसाब से यह एयर कंडीशनर, फ्रिज, इंडक्शन कुकर, फार्म पंप और कम्युनिकेशन इक्विपमेंट जैसे उपकरण चला सकता है।

कंपनी के मुताबिक, कुछ वेरिएंट्स में चार्जिंग टाइम दो घंटे तक हो सकता है। फुल लोड पर यह सिस्टम करीब 1.5 घंटे तक का बैकअप देने में सक्षम है।

ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों का हाल

Ola Electric Mobility Limited के शेयर सोमवार को 0.03% की मामूली गिरावट के साथ ₹39.49 पर बंद हुए। इंट्राडे में ओला के शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव दिखा। इसने दिन में 37.90 का लो बनाया, जो शुक्रवार की क्लोजिंग से करीब 4% की गिरावट थी। हालांकि, यह बाद में यह करीब 7% की छलांग लगाकर 40.55 रुपये तक भी पहुंचा।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top