रियल एस्टेट कंपनी नहीं पूरे कर पाएगी अपने टारगेट! शेयर 7% टूटा, 2 साल के निचले स्तर पर भाव – signature global shares price falls 7 percent to hit two-year low here is big reasons



Signature Global Shares: रियल एस्टेट सेक्टर की कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल इंडिया (Signature Global India) के शेयरों में सोमवार 12 जनवरी को तेज बिकवाली देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के 7% तक टूटकर दो साल के निचले स्तर पर पहुंच गए। यह गिरावट तब आई जब कंपनी ने साफ किया कि वह वित्त वर्ष 2026 के लिए तय किए गए अपने प्री-सेल्स टारगेट को पूरा नहीं कर पाएगी। यहां तक सालाना आधार पर प्री-सेल्स ग्रोथ शून्य रहने की संभावना है।

कंपनी ने अपनी बिजनेस अपडेट में बताया कि मौजूदा वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों (अप्रैल-दिसंबर) के दौरान उसकी प्री-सेल्स 6,680 करोड़ रुपये रही। जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 8,670 करोड़ रुपये रही थी। दिसंबर तिमाही में कंपनी प्री-सेल्स 2,020 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,770 करोड़ रुपये रही थी।

सिग्नेचर ग्लोबल ने कहा कि कुल मिलाकर बाजार का माहौल अब पहले की तुलना में नरम हो गया है, जिसका असर उसकी बिक्री पर पड़ा है। कंपनी ने स्वीकार किया कि कुछ महीने पहले जो ₹12,700 करोड़ की FY26 प्री-सेल्स गाइडेंस “काफी आरामदायक” लग रही थी, उसे अब हासिल करना संभव नहीं है। हालांकि, कंपनी का कहना है कि वह पिछले साल के बराबर बिक्री बनाए रखने की कोशिश करेगी और प्रोजेक्ट लॉन्च तय कार्यक्रम के अनुसार चलते रहेंगे।

शेयर बाजारों को 11 जनवरी को भेजी जानकारी में कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसकी सेल्स बुकिंग सालाना आधार पर 27% घटकर 2,020 करोड़ रुपये रह गई। गुरुग्राम स्थित इस डेवलपर ने पिछले साल इसी तिमाही में ₹2,770 करोड़ की प्रॉपर्टी बेची थी।

यूनिट्स के हिसाब से भी तेज गिरावट दर्ज की गई। दिसंबर तिमाही में कंपनी ने केवल 408 यूनिट्स बेचीं, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 1,518 यूनिट्स का था। एरिया के लिहाज से भी बिक्री घटकर 14.4 लाख वर्ग फुट रह गई, जो पिछले साल 24.9 लाख वर्ग फुट थी।

शेयरों का हाल

शेयर बाजार में इसका असर साफ दिखा। सुबह करीब 10:10 बजे सिग्नेचर ग्लोबल के शेयर 5.5% गिरकर 995 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहे थे। यह शेयर निफ्टी रियल्टी इंडेक्स का टॉप लूजर रहा। साल 2026 में अब तक यह शेयर करीब 15.5% टूट चुका है, जबकि 2025 में इसमें 17% की गिरावट दर्ज की गई थी।

कंपनी के मैनेनमेंजट का बयान

हालांकि, कंपनी का मैनेजमेंट लंबी अवधि के नजरिए से अब भी आशावादी है। सिग्नेचर ग्लोबल के चेयरमैन और होलटाइम डायरेक्टर प्रदीप कुमार अग्रवाल ने बताया, “हमने वित्त वर्ष 2026के पहले नौ महीनों में अच्छा परफॉर्मेंस दिया। ऐसा हमारे फोकस वाले माइक्रो-मार्केट में मजबूत डिमांड की वजह से हुआ। द्वारका एक्सप्रेसवे पर DXP एस्टेट में हमारे वेलनेस-सेंट्रिक प्रीमियम प्रोजेक्ट ‘सर्वम’ को कस्टमर का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जो खरीदारों की बदलती पसंद को दिखाता है। मजबूत कलेक्शन, बेहतर रियलाइजेशन और डिसिप्लिन्ड बैलेंस शीट मैनेजमेंट हमारे मैनेजमेंट एग्जिक्यूशन की मजबूती को दिखाते हैं। आगे देखें तो, मौजूदा मोमेंटम और प्लान किए गए लॉन्च हमें मोटे तौर पर हमारी गाइडेंस के साथ बनाए रखते हैं और हमारे लॉन्ग-टर्म ग्रोथ प्लान को सपोर्ट करते हैं।”

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top