Tejas Networks Shares: टाटा की कंपनी को लगातार चौथी तिमाही में घाटा, शेयर 9% टूटे, निवेशकों में मची खलबली – tejas networks shares decline 9 percent after q3 results fourth straight quarterly loss details



Tejas Networks Shares: टाटा ग्रुप की टेलीकॉम इक्विपमेंट कंपनी तेजस नेटवर्क्स के शेयरों में सोमवार 12 जनवरी को तेज गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर करीब 9% लुढ़क गए। यह गिरावट कंपनी के दिसंबर तिमाही के नतीजों के ऐलान के हाद आई। यह लगातार चौथी तिमाही है, जिसमें कंपनी को घाटा दर्ज करना पड़ा है।

तेजस नेटवर्क्स ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसका रेवेन्यू 307 करोड़ रुपये रहा, जो पिछली तिमाही के 262 करोड़ रुपये के मुकाबले 17% अधिक है, लेकिन सालाना आधार पर यह 88% की भारी गिरावट दिखाता है। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू ₹2,642 करोड़ था।

कंपनी के मुताबिक, भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) से जुड़े ऑर्डर में देरी अब भी बनी हुई है। पहले एडवांस परचेज ऑर्डर जारी किया गया था, लेकिन अंतिम ऑर्डर अब तक लंबित है। कमजोर बिक्री के साथ यह देरी दिसंबर तिमाही में टॉपलाइन पर दबाव की बड़ी वजह बनी।

दिसंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध घाटा ₹196.5 करोड़ रहा, जो पिछली तिमाही के ₹307 करोड़ के नुकसान के मुकाबले कम जरूर है, लेकिन घाटे की लकीर अभी भी जारी है। ऑपरेटिंग स्तर पर भी स्थिति कमजोर रही। EBITDA 134 करोड़ रुपये के नुकसान पर रहा, जबकि पिछली तिमाही में यह घाटा ₹293.7 करोड़ था। सालाना आधार पर देखें तो पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का EBITDA ₹371.3 करोड़ का मुनाफा था।

बैलेंस शीट के आंकड़ों पर नजर डालें तो तीसरी तिमाही के अंत में कंपनी की इन्वेंट्री ₹2,363 करोड़ रही, जो पिछली तिमाही के ₹2,383 करोड़ से थोड़ा कम है। कंपनी ने कहा कि यह इन्वेंट्री आने वाले महीनों में फिनिश्ड गुड्स में बदली जाएगी और डिलीवरी की जाएगी। वहीं ट्रेड रिसीवेबल्स ₹3,284 करोड़ पर रहे, जो पिछली तिमाही के ₹4,026 करोड़ से कम हैं।

कैश और कर्ज की स्थिति भी निवेशकों के लिए अहम रही। दिसंबर तिमाही के अंत में कंपनी के पास ₹537 करोड़ की नकदी थी, जबकि ग्रॉस डेट ₹3,885 करोड़ रही। इस तरह कंपनी का नेट डेट ₹3,349 करोड़ रहा, जो पिछली तिमाही के ₹3,738 करोड़ से कम है। नेट डेट में यह सुधार मुख्य रूप से वर्किंग कैपिटल में कमी की वजह से हुआ, हालांकि इसे आंशिक रूप से कैपेक्स खर्च ने संतुलित किया।

नतीजों के बाद इसके शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। सुबह करीब 10:15 बजे तेजस नेटवर्क्स के शेयर ₹380.5 पर कारोबार कर रहे थे, जो करीब 8.8% की गिरावट को दर्शाता है। बीते एक साल में यह शेयर 61.5% तक टूट चुका है, जिससे निवेशकों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top