
Stocks to Watch: दुनिया के अधिकतर बाजारों से मजबूत रुझानों के बीच गिफ्ट निफ्टी से आज घरेलू मार्केट में हल्की गिरावट के साथ शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। एक कारोबारी दिन पहले शुक्रवार 9 जनवरी को सेंसेक्स (Sensex) 604.72 प्वाइंट्स यानी 0.72% की गिरावट के साथ 83,576.24 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 193.55 प्वाइंट्स यानी 0.75% की फिसलन के साथ 25,683.30 पर बंद हुआ था। अब आज इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो अपनी खास कॉरपोरेट एक्टिविटीज के चलते कुछ स्टॉक्स में तेज हलचल दिख सकती है। यहां इन शेयरों के बारे में डिटेल्स दी जा रही है।
Stocks to Watch: इन शेयरों पर रहेगी निगाहें
आज इन कंपनियों के आएंगे कारोबारी नतीजे
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), एचसीएलटेक, आनंद राठी वेल्थ, जीटीपीएल हैथवे, गुजरात होटल्स, लोटस चॉकलेट कंपनी, महाराष्ट्र स्कूटर्स, ओके प्ले इंडिया और टिएरा एग्रोटेक आज कारोबारी नतीजे जारी करेंगी।
कारोबारी अपडेट
Signature Global Q3 (YoY)
दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर सिग्नेचर ग्लोबल की प्री-सेल्स 27% गिरकर ₹2,020 करोड़, एरिया सोल्ड 42% फिसलकर 14.4 करोड़ स्क्वेयर फीट पर आ गया लेकिन कलेक्शंस 14% उछलकर ₹1,230 करोड़ पर पहुंच गया।
दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर फीनिक्स मिल्स की खुदरा बिक्री 20% बढ़कर ₹4,787 करोड़ पर पहुंच गई। प्रति शेयर रेवेन्यू ग्रोथ 10% रही। कंपनी की ग्रास रेजिडेंशियल सेल्स ₹58 करोड़ से बढ़कर ₹140 करोड़ पर पहुंच गई।
दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर आशियाना हाउसिंग की एरिया बुकिंग 17.9% गिरकर 5.56 लाख स्क्वेयर फीट और इनकी वैल्यू 11.7% गिरकर ₹401.07 करोड़ पर आ गई।
Embassy Development Q3 (QoQ)
दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर एंबेसी डेवलपमेंट की प्री-सेल्स ₹409 करोड़ से उछलकर ₹1,392 करोड़ पर पहुंच गई। इस दौरान कलेक्शंस भी 15.6% बढ़कर ₹415 करोड़ हो गया।
तिमाही नतीजे
Avenue Supermarts-DMart Q3 (Consolidated YoY)
दिसंबर 2025 तिमाही में सालाना आधार पर डी मार्ट की पैरेंट कंपनी का कंसालिडेटेड प्रॉफिट 18.3% उछलकर ₹855.9 करोड़ और रेवेन्यू 13.3% बढ़कर ₹18,100.88 करोड़ पर पहुंच गया।
दिसंबर 2025 तिमाही में सालाना आधार पर इरेडा का मुनाफा 37.6% बढ़कर ₹585.2 करोड़ और ब्याज से शुद्ध कमाई (NII) 34.7% उछलकर ₹897.2 करोड़ पर पहुंच गया।
मंथली बिजनेस अपडेट
Mahindra and Mahindra (December YoY)
महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) का दिसंबर महीने में सेल्स वॉल्यूम सालाना आधार पर 27.1% उछलकर 85,501 यूनिट्स पर पहुंच गया लेकिन निर्यात 9.3% गिरकर 2,849 यूनिट्स पर आ गया। इस दौरान कंपनी का प्रोडक्शन 25.4% बढ़कर 68,992 यूनिट्स पर पहुंच गया।
Stocks to Watch: इन शेयरों पर भी रहेगी नजरें
वारबर्ग पिंकस की सहयोगी कंपनी कोस्टल सीडर इन्वेस्टमेंट बीवी लेमन ट्री होटल्स की सहायक कंपनी फ्लेउर होटल्स (Fleur Hotels) में एपीजी स्ट्रेटेजिक रियल एस्टेट पूल एनवी की पूरी 41.09% इक्विटी हिस्सेदारी खरीदेगी। बोर्ड ने इसे लेकर एक सौदे को मंजूरी दी है जिसके तहत वारबर्ग पिनकस फ्लेउर की ग्रोथ के लिए किश्तों में ₹960 करोड़ का शुरुआती निवेश करेगी। इसके अलावा कंपनी की योजना फ्लेउर को अलग से लिस्ट कराने की है। यह पूरी प्रक्रिया 12-15 महीने में पूरी हो सकती है।
लॉयड्स इंजीनियरिंग वर्क्स ने अमेरिका की द मैटेरियल्स वर्क्स (टीएमडब्ल्यू) के साथ एक पर्चेज एग्रीमेंट किया है। इसके तहत कंपनी पेटेंट तकनीक का इस्तेमाल करके अनलिमिटेड ईपीएस जेन 4 सेल को बनाएगी और बेचेगी। हालांकि इसमें शर्त यह है कि यह टीएमडब्ल्यू को एक तय समय तक पहले से फिक्स अर्नआउट का पेमेंट करे।
एनटीपीसी ने महाराष्ट्र स्टेट पावर जनरेशन कंपनी (एमएएचएजीईएनसीओ) के साथ ₹3,800.14 करोड़ में बैंकरप्सी से जूझ रही सिन्नार थर्मल पावर लिमिटेड (एसटीपीएल) के अधिग्रहण के लिए एक शेयरहोल्डर एग्रीमेंट किया है। सिन्नार थर्मल पावर के पास नासिक के सिन्नार में 5 × 270 MW (1,350 MW) क्षमता का एक कोयले से चलने वाला थर्मल पावर प्लांट है। इसकी खरीदारी के बाद एनटीपीसी ग्रुप की कुल इंस्टॉल्ड कैपेसिटी बढ़कर 86,987 MW तो कॉमर्शियल कैपेसिटी 85,907 MW हो जाएगी।
विशाल मेगा मार्ट के वाइस प्रेसिडेंट (सप्लाई चेन) एस रमेश ने 9 जनवरी से इस्तीफा दे दिया है।
Spandana Sphoorty Financial
स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल का बोर्ड अपनी सहायक कंपनी क्रिस फाइनेंशियल के विलय के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। इसे लेकर फिलहाल बोर्ड ने एक मर्जर स्टेयरिंग कमेटी बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
मूडीज़ रेटिंग्स ने श्रीराम फाइनेंस की Ba1 लॉन्ग-टर्म कॉर्पोरेट फैमिली रेटिंग दी है और आउटलुक को स्टेबल से पॉजिटिव कर दिया है।
एग्जो नोबेल इंडिया के बोर्ड ने जेएसडब्ल्यू पेंट्स और जेएसडब्ल्यू सीमेंट्स के एमडी पार्थ जिंदल को 9 जनवरी से कंपनी का चेयरमैन नियुक्त किया है। इसके अलावा बोर्ड ने सीएमडी राजीव राजगोपाल को ज्वाइंट एमडी और सीईओ पद की जिम्मेदारी दी है।
ICICI Lombard General Insurance Company
आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के एक एंप्लॉयी ने गलती से 9 जनवरी को अपने पर्सनल व्हाट्सएप स्टेटस पर दिसंबर 2025 तिमाही और वित्त वर्ष 2025 के शुरुआती नौ महीने (अप्रैल-दिसंबर 2025) के लिए कंपनी के रिजल्ट से जुड़ी कुछ जानकारी अपलोड कर दी। इस गलती का पता चलते ही एक घंटे के भीतर शख्स ने स्टेटस डिलीट कर दिया। अब कंपनी ने सेबी के नियमों और अपने इनसाइडर ट्रेडिंग कोड के अनुसार अंदरूनी तौर पर शुरू कर दी है। जांच के बाद कंपनी इससे जुड़ी जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में देगी।
एनसीएलटी, मुंबई ने वेदांता, वेदांता एल्युमिनियम, तलवंडी साबो पावर, माल्को एनर्जी और वेदांता आयरन एंड स्टील के बीच हुए समझौते को मंजूरी दे दी है।
आंध्र प्रदेश सरकार ने वेबसॉल एनर्जी सिस्टम के प्रस्तावित 4 गीगावाट के सोलर सेल और सोलर मॉड्यूल प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के हिस्से के रूप में वेबसॉल 100 मेगावाट का एक कैप्टिव सोलर एनर्जी प्लांट डेवलप करने की योजना बना रही है। यह कैप्टिव प्लांट फैसिलिटी के लिए रिन्यूएबल एनर्जी का एक्सेस सुनिश्चित करेगा और इससे लागत भी कंट्रोल में रहेगी।
बल्क डील्स
बोफा सिक्योरिटीज यूरोप एसए ने एमटीएआर टेक में प्रति शेयर ₹2,665.45 के भाव पर 2.06 लाख शेयर (0.66% हिस्सेदारी) का ₹54.9 करोड़ में अधिग्रहण किया है।
टाइगर स्ट्रैटेजीज फंड-आई ने ईपीडब्ल्यू इंडिया में अपनी हिस्सेदारी बेचना जारी रखा और 87,600 शेयर (0.76% हिस्सेदारी) प्रति शेयर ₹117.11 के भाव पर ₹1.02 करोड़ में बेचे हैं। पिछले हफ्ते टाइगर स्ट्रैटेजीज ने दिसंबर 2025 तक अपनी कुल 4.65% हिस्सेदारी में से ईपीडब्ल्यू इंडिया के 2.89 लाख शेयर (2.5% हिस्सेदारी) तीन लेन-देन के जरिए बेचे थे।
ब्लॉक डील्स
सोसाइटी जेनरल ने मार्शल वेस इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजीज से अपने टॉप्स वर्ल्ड इक्विटीज फंड और यूरेका फंड के जरिए टाटा कैपिटल के 14.33 लाख शेयर (0.03% होल्डिंग) प्रति शेयर ₹354.5 के भाव पर ₹50.82 करोड़ में खरीदे हैं।
आज एसकेएम एग प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट (इंडिया) के स्प्लिट की एक्स-डेट है।
आज सेल (SAIL) और सम्मान कैपिटल में एफएंडओ की नई पोजिशन नहीं ले पाएंगे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।