Stock Crash: मणप्पुरम फाइनेंस के शेयर 10% टूटे! RBI की एक आपत्ति ने बिगाड़ा खेल, जानिए क्या है पूरा मामला? – manappuram finance share price tank 10 percent on report of rbi objection to bain deal



Manappuram Finance shares: नॉन-बैकिंग फाइनेंस सेक्टर (NBFC) सेक्टर की कंपनी मणप्पुरम फाइनेंस के शेयरों में आज 9 जनवरी को भारी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के कंपनी के शेयर करीब 10 प्रतिशत तक टूटकर 278.55 रुपये के स्तर पर आ गए। यह गिरावट एक मीडिया रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें कहा गया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने कंपनी में बैन कैपिटल (Bain Capital) के कंट्रोलिंग हिस्सेदारी लेने की योजना पर आपत्ति जताई है।

रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट में बताया कि आरबीआई ने इस सौदे को लेकर कुछ गंभीर आपत्तियां उठाई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन चिंताओं को दूर करने के लिए बैन कैपिटल भारत में अपने इनवेस्टमेंट व्हीकल, टाइगर कैपिटल में चरणबद्ध तरीके से हिस्सेदारी घटाने के विकल्प तलाश रही है। हालांकि, मनीकंट्रोल इस रिपोर्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर पाया है।

बता दें कि मणप्पुरम फाइनेंस ने मार्च 2025 में बैन कैपिटल एशिया के साथ 4,385 करोड़ रुपये के बड़े निवेश समझौते का ऐलान किया था। इस डील के तहत बैन कैपिटल को कंपनी में करीब 18 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलनी थी। यह निवेश प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए इक्विटी शेयरों और वारंट्स के माध्यम से किया जाना था।

समझौते के मुताबिक, इस लेन-देन के पूरा होने और ओपन ऑफर के बाद बैन कैपिटल को मौजूदा प्रमोटर्स वीपी नंदकुमार और सुषमा नंदकुमार के साथ ज्वाइंट प्रमोटर के रूप में क्लासिफाई किया जाना था।

डील के स्ट्रक्चर के मुताबिक, बैन कैपिटल की इनवेस्टमेंट इकाई BC Asia Investments XXV Limited को 236 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 9.29 करोड़ इक्विटी शेयर आवंटित किए जाने थे। इसके अलावा, BC Asia Investments XIV Limited को इतने ही संख्या में वारंट्स जारी होने थे। इनमें से हर एक वारंट को बाद में एक इक्विटी शेयर में बदला जा सकता था, और उसकी कीमत भी 236 रुपये प्रति शेयर ही रखी गई थी।

खबर लिखे जाने तक, मणप्पुरम फाइनेंस या बैन कैपिटल की ओर से इस मामले पर आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया था। दोपहर 3.15 बजे के करीब, मणप्पुरम फाइनेंस के शेयर करीब 8 प्रतिशत की गिरावट के साथ लगभग ₹284.8 के स्तर पर ट्रेड करते दिखे।

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें



Source link

Scroll to Top