
ब्रोकरेज फर्म HSBC पेस्टीसाइड और एग्रोकेमिकल कंपनी UPL Ltd के शेयर पर बुलिश है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए अपने टारगेट प्राइस में लगभग 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। नया टारगेट प्राइस ₹925 प्रति शेयर है, जबकि पहले यह ₹850 प्रति शेयर था। नया टारगेट शेयर के पिछले क्लोजिंग प्राइस से 15% ज्यादा है। HSBC ने शेयर के लिए रेटिंग “बाय” रखी है।
एनालिस्ट ने कहा कि UPL की सब्सिडियरी एडवांटा एक मजबूत डिलीवरी मैकेनिज्म के साथ लॉन्ग-टर्म वैल्यू क्रिएटर है। ब्रोकरेज का मानना है कि ऐसे फैक्टर्स मौजूद हैं, जो आगे चलकर ग्रोथ और वैल्यू क्रिएशन को सपोर्ट करेंगे।
अगर लिस्ट हुई एडवांटा तो UPL को कर्ज कम करने में मिलेगी मदद
HSBC ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि UPL, एडवांटा को कैपिटल मार्केट में लिस्ट कराने पर विचार कर रही है। अगरे ऐसा हुआ तो वैल्यू अनलॉक हो सकती है और पेरेंट कंपनी को अपना कर्ज कम करने में मदद मिल सकती है। एडवांटा ने पिछले 5 सालों में रेवेन्यू में 18% और EBITDA में 23% की प्रभावशाली कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) हासिल की है। इतना ही नहीं कंपनी ने भारत और दुनिया भर में अन्य सीड कंपनियों की तुलना में काफी बेहतर प्रदर्शन किया है।
नवंबर 2025 में UPL ने कहा था कि वह अपने EBITDA में 12% से 16% की ग्रोथ देख रही है, जो उसके पिछले ग्रोथ अनुमान 10% से 14% से अधिक है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए अपने रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस को 4%-8% के बीच बरकरार रखा है।
शेयर एक साल में करीब 50 प्रतिशत चढ़ा
UPL का शेयर 8 जनवरी को फ्लैट लेवल पर ट्रेड कर रहा है। BSE पर शेयर ने पिछले बंद भाव से लगभग 1% के उछाल के साथ ₹810.40 का हाई देखा। दूसरी ओर ₹799.25 के लो तक भी गया। कंपनी का मार्केट कैप ₹68000 करोड़ के करीब है। शेयर की फेस वैल्यू ₹2 है। शेयर एक साल में लगभग 50% चढ़ चुका है। 3 महीने में कीमत लगभग 20% उछली है।
कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 33.50 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। इस शेयर को कवर करने वाले 22 एनालिस्ट्स में से 16 ने “बाय” रेटिंग दी है। 4 ने “होल्ड” और 2 ने “सेल” रेटिंग दी है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।