
Smallcap Stocks to Buy: साल 2025 स्मॉलकैप निवेशकों के लिए काफी मुश्किल भरा रहा। लार्जकैप शेयरों ने तो जरूर कुछ रिटर्न दिए, लेकिन स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 6 फीसदी तक फिसल गए। इस गिरावट ने निवेशकों के मन में डर और अनिश्चितता पैदा कर दी। बहुत से लोगों ने यह मान लिया कि स्मॉलकैप शेयरों का गोल्डन दौर खत्म हो चुका है। लेकिन अब साल 2026 की शुरुआत में तस्वीर बदलती हुई नजर आ रही है। ब्रोकरेज फर्म इनक्रीड इक्विटीज (InCred Equities) ने अपनी हालिया रिपोर्ट में ऐसे छह स्मॉलकैप शेयर चुने हैं, जो इस साल 2026 में निवेशकों को 20 फीसदी से लेकर 221 फीसदी तक का रिटर्न दे सकते हैं।
1. कैमलिन फाइन साइसेंज (Camlin Fine Sciences)
ब्रोकरेज फर्म इनक्रीड इक्विटीज ने सबसे बड़ा दांव इसी शेयर पर लगाया है। ब्रोकरेज ने कैमलिन फाइन साइसेंज के शेयर के लिए 474 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। ये इसके स्टॉक में मंगलवार के बंद भाव से करीब 221 फीसदी की जबरदस्त तेजी का अनुमान है। ब्रोकरेज का मानना है कि FY26 से FY28 के बीच कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ करीब 18.8 फीसदी CAGR की दर से बढ़ सकती है। इस ग्रोथ को वैनिलिन और स्पेशियलिटी ब्लेंड्स की मजबूत बिक्री से सपोर्ट मिलेगा।
सिर्फ कमाई ही नहीं, बल्कि मार्जिन में भी बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है। कंपनी का EBITDA मार्जिन FY25 के करीब 10 फीसदी से बढ़कर FY28 में 21.8 फीसदी तक पहुंचने की उम्मीद है। इसके चलते EBITDA में करीब 56.8 फीसदी की CAGR से जोरदार ग्रोथ का अनुमान लगाया जा रहा है।
2. ग्लोबस स्प्रिट्स (Globus Spirits)
दूसरा शेयर है Globus Spirits। यह कंपनी शराब और एथेनॉल से जुड़े बिजनेस में है। पिछले कुछ समय से इस सेक्टर पर कच्चे माल की कीमतों का दबाव था, खासकर मक्का की कीमतें ऊंची थीं। लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। खरीफ सीजन के बाद मक्का सस्ता हुआ है और फ्यूल कॉस्ट भी नॉर्मल हो रही है। ब्रोकरेज के मुताबिक, इसके चलते कंपनी के मार्जिन भी तेजी से सुधरने लगे हैं। इनक्रीड इक्विटीज ने ग्लोबस स्प्रिट्स के लिए ₹1,850 का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 94 फीसदी तक के अपसाइड का संकेत देता है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, एथेनॉल और ENA सेगमेंट में कंपनी का मैन्युफैक्चरिंग मार्जिन FY25 में ₹2 प्रति लीटर से बढ़कर सितंबर तिमाही में ₹5 प्रति लीटर पर पहुंच गया। इस सुधार के आगे भी धीरे-धीरे जारी रहने की उम्मीद है।
3. दीपक फर्टिलाइजर (Deepak Fertilizer)
तीसरा शेयर है दीपक फर्टिलाइजर। ब्रोकरेज फर्म इनक्रीड इक्विटीज ने इस शेयर के लिए 2,051 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है, जो मौजूदा स्तर से इसमें करीब 70.4 फीसदी तक के अपसाइड का संकेत देता है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी की ग्रोथ को आगे बढ़ाने में माइनिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्पेशलिटी केमिकल्स सेक्टर से मजबूत मांग अहम भूमिका निभा रही है।
इसके अलावा, भारत सरकार ने वित्त वर्ष 2030 तक कोयला उत्पादन को 1.5 बिलियन टन तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है और इसे भी कंपनी के लिए बड़ा पॉजिटिव माना जा रहा है। इससे TAN (टेक्निकल अमोनियम नाइट्रेट) की खपत बढ़ने की उम्मीद है, जो दीपक फर्टिजाइजर्स के बिजनेस के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
4. टीसीपीएल पैकेजिंग (TCPL Packaging)
चौथे स्मॉलकैप शेयर की बात करें तो TCPL पैकेजिंग को लेकर ब्रोकरेज हाउस पॉजिटिव नजर आ रहे हैं। एनालिस्ट्स ने इस शेयर के लिए ₹4,100 का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा स्तर से इसमें करीब 34.1 फीसदी तक के अपसाइड का संकेत देता है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी FMCG सेक्टर में रिकवरी का सीधा फायदा उठा सकती है। खास तौर पर, साल के दूसरे हिस्से यानी सेकंड हाफ में FMCG कंपनियों की वॉल्यूम ग्रोथ बेहतर रहने की उम्मीद है।
ऐसे में, पैकेजिंग की बढ़ती मांग से TCPL पैकेजिंग की कमाई में सुधार देखने को मिल सकता है। कंपनी की मजबूत मौजूदगी और बड़े FMCG ब्रांड्स के साथ काम करने का अनुभव इसे इस रिकवरी का बड़ा लाभार्थी बना सकता है।
5. वीआरएल लॉजिस्टिक्स (VRL Logistics)
पांचवें स्मॉलकैप शेयर की बात करें तो VRL लॉजिस्टिक्स पर भी ब्रोकरेज हाउस की नजर बनी हुई है। ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए 325 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है, जो मौजूदा स्तर से इसमें करीब 24 फीसदी तक के अपसाइड का संकेत देता है।
कंपनी का मैनेजमेंट उम्मीद जता रहा है कि FY27 तक EBITDA मार्जिन 18 से 19 फीसदी के बीच स्थिर रह सकते हैं। हालिया सितंबर तिमाही में EBITDA मार्जिन 19.2 फीसदी रहा था। इसी आधार पर ब्रोकरेज फर्म इनक्रीड ने FY27 के लिए 18.8 फीसदी का EBITDA मार्जिन माना है। यह FY20 से FY24 के बीच दर्ज हुए औसत 14.7 फीसदी मार्जिन के मुकाबले बड़ा सुधार है।
6. थायरोकेयर टेक्नोलॉजीज (Thyrocare Technologies)
छठे और आखिरी स्मॉलकैप शेयर की बात करें तो थायरोकेयर टेक्नोलॉजीज पर ब्रोकरेज हाउस का नजरिया पॉजिटिव बना हुआ है। ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए ₹540 का टारगेट प्राइस तय किया है, जो मौजूदा स्तर से इसमें करीब 20 फीसदी तक के अपसाइड का संकेत देता है।
ब्रोकरेज ने बताया कि FY25 में कंपनी ने दो अधिग्रहण किए और 1,600 नए फ्रेंचाइज जोड़ते हुए आक्रामक विस्तार किया। इससे शुरुआती तौर पर कंपनी के मार्जिन पर दबाव बना। लेकिन इसके बावजूद कंपनी ने मुनाफे में जबरदस्त सुधार दिखाया है। कंपनी का मार्जिन FY24 में 26.7 फीसदी से बढ़कर FY25 में 30.7 फीसदी पहुंच गया। इस सुधार की बड़ी वजह- बेहतर ग्रॉस मार्जिन और ऑपरेटिंग लेवरेज का फायदा रहा। कंपनी ने FY26 में भी इसी तरह के मार्जिन ट्रैक को बनाए रखने का लक्ष्य रखा है। इसी के चलते ब्रोकरेज इस शेयर पर बुलिश है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। बसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।