
Trent Share Price: टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट लिमिटेड (Trent Ltd) के शेयरों में मंगलवार 6 जनवरी को तेज गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में 8 फीसदी तक टूटकर 4,060 रुपये के स्तर पर आ गए। यह गिरावट कंपनी के मौजूदा वित्त वर्ष के दिसंबर तिमाही के बिजनेस अपडेट के बाद आई। इस गिरावट के साथ ही कंपनी के शेयरों का भाव अब ब्रोकरेज फर्मों की ओर से दिए गए सबसे निचले टारगेट प्राइस से भी नीचे आ गए हैं।
Q3 बिजनेस अपडेट के बाद शेयरों पर दबाव
ट्रेंट लिमिटेड ने एक बिजनेस अपडेट में बताया कि दिसंबर तिमाही में उसने 5,220 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 17 फीसदी की बढ़त दिखाता है। पिछले साल की इसी तिमाही में ट्रेंट का रेवेन्यू ₹4,466 करोड़ रहा था। हालांकि यह ग्रोथ दूसरी तिमाही के 17 फीसदी के स्तर के अनुरूप रही। लेकिन यह वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही, चौथी तिमाही और मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में दर्ज तेज ग्रोथ के मुकाबले धीमी रही। इसी वजह से बाजार की उम्मीदों पर यह आंकड़ा पूरी तरह खरा नहीं उतर पाया।
तीसरी तिमाही के दौरान ट्रेंट ने 17 वेस्टसाइड (Westside) और 48 जूडियो (Zudio) स्टोर्स जोड़े। FY26 के पहले नौ महीनों में वेस्टसाइड ने कुल 30 नए स्टोर्स जोड़े हैं, जो FY23 से FY25 के दौरान सालाना औसतन जोड़े गए 16 स्टोर्स से कहीं ज्यादा है। वहीं जूडियो फॉर्मेट ने उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन किया। दिसंबर तिमाही में कंपनी ने 48 नेट स्टोर जोड़े गए, जबकि बाजार का अनुमान करीब 39 स्टोर्स का था। इसके बावजूद, शेयरों में गिरावट यह संकेत देती है कि निवेशक अब ग्रोथ की रफ्तार और वैल्यूएशन को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं।
ब्रोकरेज की राय: टारगेट में बड़ा अंतर
ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टैनली ने ट्रेंट पर अपनी ‘ओवरवेट (Overweight)’ की रेटिंग बरकरार रखी है और 5,456 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि दिसंबर तिमाही का स्टैंडअलोन रेवेन्यू ग्रोथ उसके अनुमानों के अनुरूप रहा और स्टोर एडिशन भी मोटे तौर पर उम्मीदों के मुताबिक हैं।
हालांकि, दलाल स्ट्रीट पर ट्रेंट के शेयर को लेकर राय बंटी हुई नजर आ रही है। ट्रेंट को कवर करने वाले 28 एनालिस्ट्स में से 18 ने इसे ‘Buy’ रेटिंग दी है, पांच ने ‘Hold’ की सलाह दी है, जबकि पांच एनालिस्ट्स ने ‘Sell’ की रेटिंग दी है। इस शेयर पर सबसे ऊंचा टारगेट UBS का 6,200 रुपये है। जबकि सबसे निचला टारगेट प्राइस सिटी (Citi) और Avendus Spark ने 4,350 रुपये रखा है। मौजूदा गिरावट के बाद शेयर इस निचले टारगेट से भी नीचे फिसल गया है, जिसने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
शेयर की हालिया चाल
सुबह 10.50 बजे के करीब, ट्रेंट के शेयर 7.35 फीसदी की गिरावट के साथ 4,104.30 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में 41 फीसदी से अधिक की गिरावट आ चुकी है। इसका मौजूदा मार्केट कैप 1.46 करोड़ रुपये है और पीई रेशियो 89.95 है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।