
Nifty Outlook: निफ्टी ने हफ्ते की शुरुआत लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड हाई के साथ की। 26,373 का स्तर अब निफ्टी का नया रिकॉर्ड बन गया है। हालांकि, मुनाफावसूली हो या फिर कुछ अंदरूनी चिंताएं, इंडेक्स को 26,300 के ऊपर बनाए रखने में दिक्कत दिख रही है।
अब मंगलवार, 6 जनवरी को निफ्टी की चाल कैसी रहेगी, कौन से लेवल अहम रहेंगे, इसे एक्सपर्ट से समझेंगे। लेकिन, पहले जान लेते हैं कि सोमवार को बाजार में क्या खास हुआ।
हेवीवेट शेयरों की कमजोरी बनी बाधा
सोमवार को निफ्टी के तीनों बड़े हेवीवेट शेयरों का रुख बदलना बाजार के लिए मददगार नहीं रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपना रिकॉर्ड हाई छूने के बाद गिरावट दिखाई। HDFC बैंक ने मजबूत बिजनेस अपडेट के बावजूद कमजोरी दिखाई।
वहीं, IT शेयरों पर भी दबाव रहा, क्योंकि तीसरी तिमाही के नतीजों के सीजन से पहले कुछ निगेटिव सिफारिशें और डाउनग्रेड सामने आए।
ज्यादातर Q3 बिजनेस अपडेट रहे मजबूत
Avenue Supermarts और Union Bank जैसे कुछ गिने-चुने नामों को छोड़ दें, तो ज्यादातर कंपनियों के तीसरी तिमाही के बिजनेस अपडेट मजबूत रहे हैं।
HDFC बैंक और कमजोर प्रदर्शन कर रहे Bandhan बैंक समेत अधिकतर बैंकों ने लगातार दूसरी तिमाही में डबल डिजिट लोन ग्रोथ दर्ज की है। रिटेल और FMCG कंपनियों के अपडेट्स भी बीती तिमाही के लिए संतोषजनक रहे हैं।
बाजार की बड़ी चिंताएं अभी खत्म नहीं हुईं
इसके बावजूद बाजार में कई चिंताएं बनी हुई हैं। इनमें भू-राजनीतिक हालात, अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर अनिश्चितता, और FIIs का लगातार नेट सेलर बने रहना शामिल है। भले ही सोमवार को FIIs की बिकवाली का आंकड़ा बहुत बड़ा नहीं था।
इसके अलावा, वैल्यूएशन को लेकर चिंता भी बनी हुई है। इसे Bernstein ने भारतीय बाजार को डाउनग्रेड करते समय एक वजह बताया।
मंगलवार को किन लेवल पर रहेगी नजर
मंगलवार का सेशन निफ्टी का वीकली एक्सपायरी डे भी है। नीचे की ओर इंडेक्स के लिए 26,200 का स्तर बचाना बेहद जरूरी होगा, जिसे निफ्टी ने सोमवार को डिफेंड किया। ऊपर की ओर 26,300 के ऊपर टिके रहना बाजार के लिए अहम संकेत माना जाएगा।
निफ्टी पर क्या कह रहे एक्सपर्ट
Angel One के राजेश भोसले मुताबिक, नीचे की ओर 20-DEMA निफ्टी के लिए अहम सपोर्ट जोन रहेगा। यह पिछले दो सेशंस के लो के आसपास 26,100-26,070 पर है।
वहीं 26,400-26,500 का दायरा मजबूत रेजिस्टेंस के तौर पर काम करेगा, जो अब तक अनछुआ इलाका है। उनकी सलाह है कि इंट्राडे गिरावट को खरीदारी के मौके के तौर पर देखा जाए।
HDFC Securities के नागराज शेट्टी का कहना है कि निफ्टी ‘चेंज इन पोलैरिटी’ के कॉन्सेप्ट के हिसाब से अहम सपोर्ट लेवल्स पर खड़ा है। उन्हें उम्मीद है कि निफ्टी अगले एक-दो सेशंस में 26,200-26,150 के सपोर्ट से उछाल दिखा सकता है। शेट्टी के मुताबिक, शॉर्ट टर्म में निफ्टी का टारगेट 26,700 हो सकता है।
निफ्टी बैंक पर रहेगी खास नजर
मंगलवार को सबसे ज्यादा फोकस निफ्टी बैंक पर रहने वाला है। HDFC बैंक में आई गिरावट ने CSB बैंक को छोड़कर बाकी लेंडर्स के शेयरों को भी नीचे खींचा। निफ्टी बैंक दिन के ऊपरी स्तरों से करीब 400 अंक फिसला, लेकिन नीचे की ओर 60,000 का स्तर बचाने में कामयाब रहा।
चार्ट के हिसाब से निफ्टी बैंक की बड़ी तस्वीर अब भी पॉजिटिव बनी हुई है। इंडेक्स ने गिरती ट्रेंडलाइन से ब्रेकआउट दिया है और अपने शॉर्ट-टर्म 10 और 20 दिन के एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है।
LKP Securities के वत्सल भुवा के मुताबिक, RSI में भी बुलिश क्रॉसओवर दिख रहा है। उनकी रणनीति है कि गिरावट पर खरीदारी की जाए। तुरंत सपोर्ट 59,700, रेजिस्टेंस 60,500, और पोजिशनल सपोर्ट 59,300 के आसपास माना जा रहा है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।