
Waaree Energies Stock Price: सोलर पीवी मॉड्यूल्स बनाने वाली वारी एनर्जीज लिमिटेड के शेयरों में 5 जनवरी को दिन में 5.6 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। बीएसई पर शेयर 2705 रुपये के लो तक गया। शेयर को 31 दिसंबर 2025 को फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O) सेगमेंट में शामिल किया गया था। उसके बाद से इसमें बिकवाली का दबाव बढ़ा है। हालांकि शेयर 23 दिसंबर से ही लगातार टूट रहा है और अब तक 12.6 प्रतिशत नीचे आ चुका है।
वारी एनर्जीज अक्टूबर 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका 4321.44 करोड़ रुपये का IPO 79.44 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 64.22 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 3 महीनों में 21 प्रतिशत नीचे आया है।
बर्नस्टीन की ओर से ‘अंडरपरफॉर्म’ रेटिंग
ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन ने Waaree Energies के शेयर के लिए ‘अंडरपरफॉर्म’ रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइइस 2109 रुपये प्रति शेयर सेट किया है। इस शेयर को कवर करने वाले 13 एनालिस्ट्स में से 9 ने इसे ‘बाय’ रेटिंग दी है। बाकी 4 ने ‘सेल’ रेटिंग दी है। कंपनी का मार्केट कैप गिरकर 78000 करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड उच्च स्तर 3864.40 रुपये और एडजस्टेड निचला स्तर 1808.65 रुपये है।
कंपनी की वित्तीय स्थिति
वारी एनर्जीज का जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 4581.84 करोड़ रुपये रहा था। इस बीच शुद्ध मुनाफा 1,159.53 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। पूरे वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कंपनी का शुद्ध मुनाफा 1781.17 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान आमदनी 12764.55 करोड़ रुपये दर्ज की गई। हाल ही में कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया था कि उसे 1500 MW सोलर मॉड्यूल्स की सप्लाई का ऑर्डर मिला है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।