
DMart Share Price: सुपरमार्केट और हाइपरमार्केट चेन डीमार्ट की पैरेंट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स (Avenue Supermarts) के शेयरों में आज बिकवाली का काफी दबाव दिखा। दिसंबर तिमाही के कारोबारी अपडेट के बाद डीमार्ट में आगे की ग्रोथ को लेकर निवेशक परेशान हो उठे और धड़ाधड़ शेयरों की बिक्री करने लगे। इसके चलते शेयर टूट गए। बिकवाली का दबाव इतना तेज है कि निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर संभल नहीं पाए और अब भी यह काफी कमजोर स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 1.68% की गिरावट के साथ ₹3658.65 पर है। इंट्रा-डे में यह 2.27% टूटकर ₹3636.55 (DMart Share Price) तक आ गया था।
DMart की Avenue Supermarts के लिए कैसी रही दिसंबर तिमाही?
चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 में डीमार्ट की पैरेंट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स का स्टैंडएलोन रेवेन्यू सालाना आधार पर 13% उछलकर ₹17,612.6 करोड़ पर पहुंच गया। कंपनी की ग्रोथ दोहरे अंकों में रही लेकिन रेवेन्यू के ग्रोथ की रफ्तार थोड़ी सुस्त और तीन साल का सीएजीआर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) फिसलकर 15.7% पर आ गया। दिसंबर 2025 तिमाही में एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने अपने नेटवर्क में 10 स्टोर्स जोड़े और इसके साथ वित्त वर्ष 2026 में अब तक इसके 27 नए स्टोर्स खुल चुके हैं।
क्या है ब्रोकरेज फर्मों का रुझान?
ब्रोकरेजेज फर्मों के मुताबिक रियलाइजेशंस में जो दबाव दिखा, उसकी वजह हाल ही में जीएसटी दरों में कटौती हो सकती है। रेवेन्यू ग्रोथ में सुस्ती और स्टैंडएलोन आंकड़ों की नरमी के चलते मार्केट डीमार्ट को लेकर सतर्क है और ब्रोकरेज फर्मों का रुझान इस पर मिला-जुला है। ब्रोकरेज फर्म सिटी ने ₹3250 के टारगेट प्राइस के साथ इसकी सेल रेटिंग को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से तगड़े कॉम्पटीशन, कमजोर मांग और छोटे शहरों में अधिक स्टोर्स खोलने की स्ट्रैटेजी से डीमार्ट की ग्रोथ को झटका लगा है।
सिटी ने सेम-स्टोर-सेल्स ग्रोथ, क्विक कॉमर्स से मार्जिन के दबाव और हाई वैल्यूएशन से जुड़ी चिंता जताई है। ब्रोकरेज फर्म ने अपनी रिपोर्ट में जिक्र किया है कि पिछली 12 तिमाहियों में 11 में सालाना आधार पर एवेन्यू सुपरमार्ट्स का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन गिरा है। एक और ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टैनले की बात करें तो इसने ₹4,552 के टारगेट प्राइस पर एवेन्यू सुपरमार्ट्स को इक्वलवेट रेटिंग दी है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
डीमार्ट की पैरेंट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर पिछले साल 3 मार्च 2025 को ₹3337.10 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह छह महीने में 47.32% उछलकर 4 मार्च 2025 को ₹4916.30 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। अब आगे की बात करें तो इसे कवर करने वाले 29 एनालिस्ट्स में से 8 ने इसे खरीदारी, 12 ने होल्ड और 9 ने सेल रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।