Ola Electric के शेयरों में अचानक तेजी, 9% तक उछले भाव, जानें कौन सी खबर ने बढ़ाई डिमांड – why ola electric mobilty share price jumps 9 percent today check dec 2025 market share sales data



Ola Electric Shares: ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयरों में शुक्रवार 2 जनवरी को जोरदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर करीब 9 प्रतिशत उछलकर 40.77 रुपये के स्तर पर पहुंच गए। यह तेजी कंपनी के एक बयान के बाद आई, जिसमें उसने दिसंबर 2025 में अपने कारोबार के सुधरने के शुरुआती संकेत मिलने की बात कही।

कंपनी ने बताया कि दिसंबर 2025 में VAHAN के आंकड़ों के मुताबिक, 9,020 यूनिट्स का रजिस्ट्रेशन हुआ। साथ ही ओला इलेक्ट्रिक मार्केट शेयर नवंबर 2025 के 7.2 प्रतिशत से बढ़कर दिसंबर में 9.3 प्रतिशत पर पहुंच गया। खास बात यह रही कि दिसंबर के दूसरे हिस्से में कंपनी का मार्केट शेयर लगभग 12% तक पहुंच गई, जो मांग में स्पष्ट सुधार और मार्केट शेयर बढ़ने का संकेत देती है।

कंपनी ने 1 जनवरी को जारी बयान में कहा कि उसने अपने फोकस्ड सर्विस ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम ‘Hyperservice’ के जरिए शुरुआती लेकिन ठोस नतीजे हासिल किए हैं। ओला इलेक्ट्रिक के मुताबिक, यह प्रोग्राम कस्टमर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने, बैकलॉग को खत्म करने, वर्कफोर्स क्षमता बढ़ाने, स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने और सेल्फ-सर्विस विकल्पों को मजबूत करने पर ध्यान करता है। कंपनी का मानना है कि यही पहल आने वाले समय में एक टिकाऊ बिजनेस टर्नअराउंड की नींव रखेगी।

Ola Electric ने यह भी बताया कि दिसंबर 2025 में वह करीब एक दर्जन राज्यों में फिर से टॉप-3 ईवी कंपनियों में शामिल हो गई है। इन राज्यों में तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब और हरियाणा जैसे प्रमुख इलेक्ट्रिक व्हीकल बाजार शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, यह उपलब्धि उसके मार्केट शेयर में सुधार और मांग में तेजी की वजह से संभव हो सकी।

सर्विस रिकवरी के साथ-साथ ओला इलेक्ट्रिक ने नवंबर 2025 में अपने 4680-भारत सेल से लैस S1 Pro+ 5.2 kWh स्कूटर की डिलीवरी भी शुरू की थी, जिसे बाजार से अच्छी शुरुआती प्रतिक्रिया मिली। कंपनी को दिसंबर 2025 में इस मॉडल के लिए सरकार से सर्टिफिकेट भी मिल गया।

कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भाविश अग्रवाल ने कहा, “4680-सेल वाले वाहनों की शुरुआत और आने वाली BESS डिलीवरी के साथ हम न सिर्फ अपनी निकट अवधि की कार्यक्षमता को मजबूत कर रहे हैं, बल्कि लॉन्ग-टर्म टेक्नोलॉजी रोडमैप को भी सशक्त बना रहे हैं। हमें भरोसा है कि इससे Ola Electric को बेहतर ऑपरेशनल लीवरेज के साथ स्थायी ग्रोथ मिलेगी।”

शेयरों का हाल

ओला इलेक्ट्रिक मोबिलीट के शेयर, सुबह 11:30 बजे के करीब नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 40.07 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे, जो करीब 8.56 प्रतिशत की बढ़त दिखाता है। पिछले पांच कारोबारी दिनों में इस शेयर में लगभग 13 प्रतिशत की तेजी आई है। हालांकि, पिछले एक साल में स्टॉक अब भी 52 प्रतिशत से ज्यादा नीचे है और 2025 में इसमें 58 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखी गई थी। NSE के आंकड़ों के अनुसार, Ola Electric Mobility का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन फिलहाल करीब ₹17,696.25 करोड़ है।

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top