
इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर की कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के मिनरल्स और मेटल्स बिजनेस वर्टिकल को स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) और अन्य कंपनियों से “मेजर” ऑर्डर मिले हैं। L&T ₹5000 करोड़ से ₹10000 करोड़ की रेंज के ऑर्डर को “मेजर” मानती है। ये कॉन्ट्रैक्ट घरेलू मेटल सेक्टर में इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) प्रोजेक्ट्स और प्रोडक्ट्स के लिए हैं। 2 जनवरी को L&T के शेयर में दिन में 0.76 प्रतिशत तक की तेजी आई और BSE पर 52 वीक का फ्रेश हाई 4171 रुपये क्रिएट हुआ।
L&T और SAIL ने कई दशकों से पूरे भारत में अलग-अलग प्रोजेक्ट्स पर पार्टनरशिप की है। SAIL पश्चिम बंगाल के बर्नपुर में IISCO स्टील प्लांट की क्रूड स्टील कैपेसिटी को 2.5 MTPA से बढ़ाकर 6.5 MTPA करने की योजना बना रही है। जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि इसके तहत, L&T के मिनरल्स और मेटल्स बिजनेस को क्रिटिकल प्रोसेस प्लांट्स के लिए पूरा इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और इंस्टॉलेशन पैकेज दिया गया है। इसमें कोक ओवन बैटरी, बाय-प्रोडक्ट प्लांट, बेसिक ऑक्सीजन फर्नेस और मैटेरियल हैंडलिंग के लिए एक स्पेशलाइज्ड इक्विपमेंट पैकेज शामिल है।
इसके अलावा, झारखंड में SAIL के बोकारो स्टील प्लांट में एक बड़ा एक्सपेंशन हो रहा है। इसके लिए L&T ने सिंटर प्लांट 2 लगाने का पैकेज हासिल किया है। L&T ने यह भी बताया है कि मिनरल्स और मेटल्स बिजनेस ने देश भर के अलग-अलग क्लाइंट्स से स्टैकर रिक्लेमर और वैगन टिप्लर सहित स्पेशलाइज्ड मैटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट के लिए कई ऑर्डर हासिल किए हैं। इससे पहले हाल ही में L&T ने 4 दिनों में कुल ₹15000 करोड़ के 3 ऑर्डर जीते थे।
L&T का शेयर 3 महीनों में 13 प्रतिशत चढ़ा
L&T का मार्केट कैप बढ़कर 5.73 लाख करोड़ रुपये हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर 3 महीनों में 13 प्रतिशत चढ़ा है। 5 साल का रिटर्न 220 प्रतिशत है। शेयर का BSE पर 52 वीक का लो 2967.65 रुपये है। कंपनी में पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है।
जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 15.6 प्रतिशत बढ़कर 3926 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले नेट प्रॉफिट 3395.29 करोड़ रुपये रहा था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 67983.53 करोड़ रुपये हो गया, जो सितंबर 2024 तिमाही में 61554.58 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।