
सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट कंपनी गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया लिमिटेड के शेयरों में 1 जनवरी को बिकवाली का जबरदस्त दबाव है। बीएसई पर शेयर पिछले बंद भाव से 15.4 प्रतिशत तक टूटकर 2335 रुपये के लो तक गया। शेयर ने 22 महीनों में पहली बार किसी एक दिन में इतनी बड़ी गिरावट देखी है। इसकी वजह है कि केंद्र सरकार ने सिगरेट पर एक्साइज ड्यूटी लगा दी है। यह ड्यूटी प्रोडक्ट की लंबाई के आधार पर प्रति हजार स्टिक पर 2050 रुपये से 8500 रुपये की रेंज में लगाई जाएगी।
यह 1 फरवरी 2026 से लागू होगी। वित्त मंत्रालय ने इसे लेकर बुधवार देर रात एक आदेश जारी किया। दिसंबर 2025 में केंद्र ने एक नए कानून ‘सेंट्रल एक्साइज (अमेंडमेंट) बिल 2025’ को मंजूरी दी थी। एक्साइज ड्यूटी सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट्स पर लगाए गए अस्थायी टैक्स की जगह लेगी। वित्त मंत्रालय की ओर से बुधवार के बयान में कहा गया है कि 1 फरवरी से सिगरेट पर मौजूदा 40 प्रतिशत GST के अलावा एक्साइज ड्यूटी भी लगाई जाएगी। सरकार ने पान मसाला पर नया सेस भी लगाया है।
Godfrey Phillips India शेयर 3 महीनों में 30 प्रतिशत लुढ़का
कंपनी का मार्केट कैप गिरकर 36800 करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर 3 महीनों में 30 प्रतिशत नीचे आया है। वहीं 2 साल में लगभग 240 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 72.58 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 17 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड दिया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 10 नवंबर 2025 थी। इससे पहले कंपनी ने हर 1 शेयर पर 2 नए शेयर बोनस के तौर पर दिए थे। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 16 सितंबर 2025 थी।
कंपनी की वित्तीय सेहत
गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया का जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 1,633.02 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 304.44 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 6,758.49 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 1,043.20 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। गुरुवार को Godfrey Phillips के अलावा सिगरेट बनाने वाली एक और कंपनी ITC के शेयरों में भी 9.5 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।