
IREDA Q3 Business Impact: ₹90 हजार करोड़ के करीब लोन बुक और डिस्बर्समेंट में 44% के उछाल पर इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (IREDA) के शेयरों की चमक बढ़ गई है। कंपनी ने बुधवार को एक्सचेंज फाइलिंग में चालू वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही के कारोबारी आंकड़े जारी किए जिस पर शेयरों की आज गुरुवार 1 जनवरी 2026 को खरीदारी बढ़ गई। हालांकि इस तेजी का निवेशकों ने फायदा भी उठाया जिससे अधिकतर तेजी गायब हो गई। फिलहाल बीएसई पर यह 0.07% की बढ़त के साथ ₹140.00 (IREDA Share Price) है। इंट्रा-डे में यह 1.79% उछलकर ₹142.40 तक पहुंच गया था।
मार्केट के हाल की बात करें तो इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) ग्रीन जोन में बने हुए हैं। हालांकि आज सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी है तो काफी उठा-पटक भी दिखी।
IREDA के लिए कैसी रही दिसंबर तिमाही?
इरेडा ने बुधवार 31 दिसंबर को एक्सचेंज फाइलिंग में चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 के कारोबारी आंकड़े दिए। इसमें कंपनी ने जिक्र किया है कि ₹40,100 करोड़ का लोन सैंक्शन किया गया जोकि सालाना आधार पर 29% अधिक है। पिछले वित्त वर्ष 2025 की समान तिमाही में इरेडा ने ₹31,087 करोड़ का लोन सैंक्शन किया था। इस दौरान लोन डिस्बर्समेंट्स भी ₹17,236 करोड़ से 44% उछलकर ₹24,903 करोड़ पर पहुंच गया। दिसंबर तिमाही के आखिरी में कंपनी की लोन बुक आउटस्टैंडिंग ₹87,975 करोड़ रही जो वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही के आखिरी में ₹68,960 करोड़ से 28% अधिक रही। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में एसेट क्वालिटी को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
इरेडा के शेयरों की घरेलू स्टॉक मार्केट में करीब दो साल पहले 29 नवंबर 2023 को एंट्री हुई थी। आईपीओ निवेशकों को इसके ₹2150 करोड़ के आईपीओ के तहत ₹32 के भाव पर शेयर जारी हुए थे। लिस्टिंग के दिन 56% से अधिक प्रीमियम पर एंट्री के बाद उछलकर यह 20% के अपर सर्किट ₹60 पर पहुंच गया था और इसी पर बंद भी हुआ था। इसकी ताबड़तोड़ रफ्तार बंद नहीं हुई और एक साल के भीतर ही यह 15 जुलाई 2024 को ₹310 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशकों का निवेश 868.75% यानी 9 गुना से अधिक बढ़ गया।
पिछले एक साल में बात करें तो इसके शेयर 3 जनवरी 2025 को ₹234.35 पर थे जो इसके लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से करीब 11 महीने में यह 44.91% टूटकर 9 दिसंबर 2025 को यह ₹129.10 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। अब इरेडा के शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो सितंबर 2025 के आखिरी में इसमें प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 71.76% थी और बाकी 28.24% पब्लिक शेयरहोल्डर्स की।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।